
अम्बिकापुर 20 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ आदान सहायता की व्यवस्था ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। शासन द्वारा ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। इसके साथ ही ₹13,839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता प्रदान की जा रही है। उल्लेखनीय है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
रामपुर धान उपार्जन केंद्र में धान विक्रय करने पहुंचे ग्राम नवाबांध निवासी किसान श्री अर्जुन राम राजवाड़े ने शासन की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वे आज अपना धान बेचने के लिए रामपुर मंडी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के साथ अंतर की राशि के रूप में आदान सहायता प्रदान करने का निर्णय बहुत अच्छी पहल है।
श्री राजवाड़े ने कहा कि पहले अंतर की राशि को लेकर बिचैलियों द्वारा किसानों को बहला-फुसलाकर कम पैसे देकर उनका आर्थिक शोषण किया जाता था। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती थी और उन्हें अपनी उपज का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता था। अब शासन द्वारा किसानों के हित में सीधे निर्णय लेकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे किसानों को राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पहले जिन किसानों का उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होता था, वे निर्धारित सीमा के कारण अपना पूरा धान समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाते थे। ऐसी स्थिति में किसानों को शेष धान व्यापारियों को बेचना पड़ता था। वर्तमान व्यवस्था में 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान विक्रय करने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि देने का निर्णय किसानों के हित में सराहनीय कदम है।
किसान श्री राजवाड़े ने कहा कि शासन की इस पहल से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा खेती-किसानी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को किसान हितैषी निर्णयों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद दिया।
सरगुजा जिले में 61 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सरगुजा जिले में धान खरीदी के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले में कुल 62 हजार 471 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत कृषि रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में पूर्व से संचालित 54 उपार्जन केंद्रों के अतिरिक्त 7 नवीन उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इस प्रकार जिले में कुल 61 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
पारदर्शी और सुविधाजनक धान खरीदी व्यवस्था
राज्य शासन द्वारा 15 नवंबर 2026 से जिले के सभी 61 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ की गई है। किसानों से 3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता दी जा रही है। धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है। वहीं, किसानों की सुविधा के लिए श्तुंहर टोकन ऐपश् के माध्यम से घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।









