
– कलेक्टर ने कृषक चौपाल में किसानों को कृषक उन्नति योजना की दी विस्तृत जानकारी*
*- फसल चक्र परिवर्तन एवं कम पानी वाली लाभकारी फसलों की खेती अपनाकर आय बढ़ाने कहा*
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम जंगलेशर में आयोजित कृषक चौपाल में शामिल हुए। उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर खेती-किसानी, फसल चक्र परिवर्तन, जल संरक्षण, आधुनिक कृषि तकनीक तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक एवं लाभकारी फसलों की खेती अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल, श्री कोमल सिंह राजपूत उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने तथा कृषि क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को कम मात्रा में धान उत्पादन एवं विक्रय करने पर भी योजना के निर्धारित प्रावधानों एवं पात्रता के अनुसार आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि किसान यदि कम धान भी विक्रय करते हैं, तो भी उन्हें योजना के प्रावधानों के अनुरूप बोये गये रकबे पर प्रति एकड़ समान रूप से आदान सहायता राशि का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने किसानों को फसल चक्र परिवर्तन अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लगातार धान की खेती करने के स्थान पर मक्का, चना, गेहूं सहित अन्य दलहन, तिलहन एवं लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। इससे पानी की खपत कम होगी, भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए कम पानी वाली फसलों की खेती करना आवश्यक है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की दिशा में आगे बढऩा चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम जंगलेशर कृषि के क्षेत्र में उन्नत गांव है। यहां के किसान आधुनिक खेती अपनाकर अपनी आमदनी और बढ़ा सकते हैं। उन्होंने जशपुर जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां किसान मिर्च, टमाटर एवं फूलों की खेती कर अच्छी आय प्राप्त कर रहे हैं। इसी प्रकार जंगलेशर के किसान भी उद्यानिकी एवं व्यावसायिक फसलों की खेती अपनाएं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव से रायपुर एवं कोलकाता जैसे बड़े बाजारों तक रेल संपर्क की सुविधा उपलब्ध है। इसका लाभ उठाकर किसान अपनी कृषि उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समीपस्थ ग्राम खैरा का उदाहरण देते हुए बताया कि यह गांव सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श बना है। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम खैरा से प्रेरणा लेकर अपने घरों में सोलर पैनल लगवाने कहा। इससे बिजली बिल के खर्च में कमी आएगी तथा स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त कर रही महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने महिलाओं को प्राप्त राशि का सदुपयोग परिवार की आवश्यकताओं एवं आजीविका संवर्धन में करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जिले में नए उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से आने वाले समय में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। कलेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल की लत से बचाने तथा पढ़ाई, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामीण रोजगार से जुड़े कार्यों में पात्र दिव्यांगजनों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप मेट जैसे कार्यों में अवसर प्रदान करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान, महिलाएं एवं युवा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आधुनिक खेती, जल संरक्षण एवं सौर ऊर्जा अपनाकर ग्राम जंगलेशर को कृषि विकास के क्षेत्र में आदर्श गांव बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एसडीएम श्री गौतम पाटिल, जिला खाद्य अधिकारी श्री रविन्द्र सोनी, उप संचालक कृषि श्री टीकम ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।









