
जशपुरनगर 20 नवम्बर 2026/ वनमण्डल जशपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र बगीचा के कक्ष क्रमांक आर.एफ. 1251 स्थित प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल खुड़ियारानी में विगत कई वर्षों से वनभूमि पर अतिक्रमण कर दुकानें संचालित की जा रही थीं। उक्त अतिक्रमण के कारण वनभूमि की सुरक्षा, क्षेत्र की स्वच्छता, प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन स्थल के समुचित विकास में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही थीं। वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त करने एवं क्षेत्र के सुव्यवस्थित विकास के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल की गई। इस दौरान ग्रामीणों एवं संबंधित दुकानदारों का सहयोग प्राप्त करते हुए खुड़ियारानी क्षेत्र में संचालित अतिक्रमित दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वन विभाग द्वारा इस कार्यवाही के दौरान स्थानीय दुकानदारों की आजीविका को भी ध्यान में रखा गया। इसी उद्देश्य से दुकान संचालकों को समीपस्थ क्षेत्र में दुकान संचालन हेतु वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए विस्थापित किया गया, ताकि वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका भी प्रभावित न हो। वर्तमान में वन विभाग द्वारा खुड़ियारानी क्षेत्र में इको-पर्यटन विकास के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र की प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्ता को संरक्षित रखते हुए पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना, पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करना तथा स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
इस पहल से खुड़ियारानी क्षेत्र में वनभूमि संरक्षण, अतिक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता एवं पर्यटन विकास को एक साथ बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से वन संरक्षण के प्रति जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जशपुर वनमण्डल द्वारा वनभूमि का संरक्षण, अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र का विकास एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इको-पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।









