
– छठवें दिन 868 किसानों से 3356.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी*
*- अब तक 6406 किसानों से 24038.12 मीट्रिक टन धान का उपार्जन*
*- अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई*
*- अब तक 2265.50 क्विंटल धान जप्त*
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में किसान उत्साहपूर्वक अपना धान विक्रय करने पहुंच रहे हैं। शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों को धान विक्रय करने में सहूलियत हो रही है। धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक जिले में कुल 6 हजार 406 किसानों से 24038.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 20 नवम्बर 2026 को जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों के लिए कुल 1 हजार 630 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकनों के माध्यम से 6733.22 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीयन किया गया था। धान खरीदी के छठवें दिन जिले के 868 किसानों से कुल 3356.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। आगामी खरीदी दिवस 23 नवम्बर 2026 के लिए जिले के 122 उपार्जन केन्द्रों में कुल 1 हजार 460 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से 6441.13 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है।
*अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई*
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज 20 नवम्बर 2026 को जिले में अवैध धान के 4 प्रकरण दर्ज कर कुल 301 कट्टा अर्थात 120 क्विंटल धान जप्त किया गया। मंडी डोंगरगढ़ द्वारा ग्राम मुड़पार एवं मुरमुंदा में दो प्रकरणों में 100 कट्टा अर्थात 40 क्विंटल धान जप्त किया गया। इसी प्रकार मंडी राजनांदगांव द्वारा ग्राम लखोली में एक पोहा उद्योग से 86 कट्टा अर्थात 34 क्विंटल धान जप्त किया गया। लाइसेंस की तय सीमा से अधिक धान का संग्रहण किए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण जप्ती की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धान उपार्जन केन्द्र केसाल में एक व्यक्ति द्वारा रबी फसल का धान खपाने का प्रयास किए जाने पर नायब तहसीलदार द्वारा कार्रवाई करते हुए 115 कट्टा अर्थात 46 क्विंटल धान जप्त किया गया।
जिले में 19 नवम्बर 2026 तक अवैध धान के 23 प्रकरणों में 2145.50 क्विंटल धान जप्त किया गया था। वहीं आज 4 नए प्रकरणों में 120 क्विंटल धान की जप्ती के बाद अब तक कुल 27 प्रकरणों में 5 हजार 260 कट्टा अर्थात 2265.50 क्विंटल धान जप्त किया जा चुका है। इसके साथ ही अब तक 3 वाहनों की भी जप्ती की गई है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा वास्तविक किसानों को शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी की जा रही है। अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









