
राजनांदगांव 21 नवम्बर 2026। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत आईआईटी भिलाई में आयोजित तीन दिवसीय मेंटरिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला टप्पा के व्याख्याता श्री डैनी राम वर्मा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक बडग़ांव चारभाठा के व्याख्याता श्री अरूण कुमार निषाद ने सहभागिता कर विज्ञान में नवाचार, रचनात्मक सोच, खोज एवं आविष्कार से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों को विज्ञान शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक एवं गतिविधि आधारित बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान, अनुभव एवं गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। जिससे बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रयोग, अवलोकन, तार्किक चिंतन एवं नवाचार के माध्यम से सीख सकेंगे। कार्यशाला में समग्र शिक्षा की आयुक्त श्रीमती किरण कौशल, अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री के कुमार, उप संचालक श्री डीके कौशिक, सहायक संचालक श्रीमती मंजुलता साहू एवं सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती राखी सिन्हा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।









