
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी (Sridevi) के निधन को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन उनकी मौत से जुड़ी कई चर्चाएं आज भी होती हैं. अब उस समय UAE में भारत के राजदूत रहे नवदीप सिंह सूरी (Navdeep Singh Suri) ने दुबई में हुई घटना के बाद का हाल बताया है.
नवदीप सिंह सूरी ने समाचार एजेंसी ANI के पॉडकास्ट में संपादक स्मिता प्रकाश से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने बताया कि श्रीदेवी के निधन की खबर मिलने के बाद वह किस तरह बोनी कपूर और उनके परिवार से मिलने पहुंचे थे.
सुबह 9 बजे होटल पहुंचे थे नवदीप सिंह सूरी
आपको बता दें कि पूर्व राजदूत ने बताया कि श्रीदेवी के निधन वाली रात वह अपनी पत्नी के साथ दुबई में ही थे. अगली सुबह फोन देखने पर उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी मिली. कुछ सप्ताह पहले ही कपूर परिवार में मोहित मारवाह की शादी हुई थी, इसलिए उनके पास बोनी कपूर का नंबर था.
उन्होंने अपना तय कार्यक्रम टाल दिया और सुबह करीब 9 बजे दुबई के एमिरेट्स टावर्स होटल पहुंच गए. जिस कमरे में घटना हुई थी, उसे जांच के लिए सील कर दिया गया था. वहीं, पास के सुइट में बोनी कपूर, अर्जुन कपूर और परिवार के कुछ अन्य लोग सदमे में बैठे थे.
सूरी के मुताबिक, परिवार को शुरुआत में उम्मीद थी कि जरूरी औपचारिकताएं कुछ घंटों में पूरी हो जाएंगी और श्रीदेवी का पार्थिव शरीर शाम तक मुंबई पहुंच जाएगा. हालांकि, ऐसा नहीं हो सका.
मीडिया की खबरों से जांच में हुई देरी
नवदीप सिंह सूरी ने बताया कि भारतीय टीवी चैनलों पर चल रही साजिश की अटकलों और बाथटब को लेकर आ रही खबरों ने मामले को और उलझा दिया था. मीडिया में लगातार उठ रहे सवालों के बीच दुबई के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने मामले की विस्तृत जांच का फैसला किया. इसके तहत ऑटोप्सी और विसरा सैंपल की प्रक्रिया भी हुई, जिससे पार्थिव शरीर सौंपने में देरी हुई.
साजिश और बीमा पॉलिसी की खबरों पर क्या बोले?
पॉडकास्ट में श्रीदेवी की बायोग्राफी के हवाले से लो ब्लड प्रेशर, चक्कर आने और वजन घटाने के लिए डाइटिंग जैसी बातों पर भी चर्चा हुई. सूरी ने कहा कि परिवार ने उनसे ऐसी कोई जानकारी साझा नहीं की थी.
बीमा पॉलिसी और साजिश से जुड़ी खबरों पर उन्होंने साफ कहा कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई सबूत नहीं था, जो किसी षड्यंत्र की ओर इशारा करता हो. उन्होंने जोर दिया कि जिम्मेदार पद पर रहते हुए वह केवल प्रमाणित तथ्यों पर भरोसा करते हैं, अफवाहों पर नहीं.









