
रायपुर। 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर बोनिशा होम्स पीजी गर्ल्स हॉस्टल, रायपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) मोहिनी दीप द्वारा किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवा योजनाओं एवं जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली कानूनी मदद के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
शिविर में बालिकाओं को लैंगिक अपराधों, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों, बालिकाओं के कानूनी अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा समाज में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना था।
पीएलवी – मोहिनी दीप
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर









