
Bappi Lahiri Birthday Special: बॉलीवुड में जब भी डिस्को म्यूजिक की बात होती है, तो सबसे पहले एक नाम याद आता है और वह है बप्पी लाहिड़ी. गले में सोने की मोटी-मोटी चेन, हाथों में अंगूठियां, काला चश्मा और चेहरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान… उनका अंदाज सबसे अलग था. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोना पहनने का उनका शौक सिर्फ फैशन नहीं था? इसके पीछे उनकी मां की एक खास सलाह और एक दिलचस्प कहानी छिपी थी. उनकी सोने की चेन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा भी है, जब पॉप स्टार माइकल जैक्सन तक उनके लॉकेट की तारीफ करने लगे थे.
27 नवंबर 1952 को कोलकाता में जन्मे बप्पी लाहिड़ी का असली नाम अलोकेश लाहिड़ी था. संगीत उन्हें विरासत में मिला था. उनके माता-पिता दोनों संगीत से जुड़े थे. बप्पी दा ने बहुत छोटी उम्र से ही तबला बजाना शुरू कर दिया था. आगे चलकर उन्होंने अपने संगीत से बॉलीवुड में ऐसी पहचान बनाई कि लोग उन्हें डिस्को किंग कहने लगे. 15 फरवरी 2022 को 69 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनके गाने आज भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर देते हैं.
मां ने दी थी पहली सोने की चेन, बताया था इसे लकी
बप्पी लाहिड़ी के सोने के गहनों की चर्चा हमेशा होती थी
उनके गले में कई चेन और हाथों में ढेर सारी अंगूठियां नजर आती थीं. लेकिन इस शौक की शुरुआत उनकी मां की दी हुई एक छोटी-सी चेन से हुई थी.
बप्पी दा ने Speaking Tree के लिए लिखे एक लेख में बताया था कि उनकी मां ने उन्हें हरे रामा हरे कृष्णा लॉकेट वाली सोने की चेन दी थी. मां ने इसे उनके लिए भाग्यशाली बताया था. बप्पी दा ने कहा था, “मेरी मां ने मुझे हरे रामा हरे कृष्णा लॉकेट वाली सोने की चेन दी थी. इसके बाद मुझे ‘जख्मी’ मिली, जो मेरी पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म थी.”
बप्पी दा के मुताबिक, मां ने चेन पहनाते समय कहा था कि यह उनके लिए लकी साबित होगी. फिल्म ‘जख्मी’ की सफलता के बाद उनका भरोसा और बढ़ गया. इसके बाद उनके सोने के गहनों का कलेक्शन भी बढ़ता गया. वह सोने को अपनी किस्मत और परिवार के आशीर्वाद से जोड़कर देखते थे.
पत्नी ने भी दिया था खास गोल्ड लॉकेट, 1977 से जुड़ा है किस्सा
बप्पी लाहिड़ी के सोने के गहनों की कहानी सिर्फ मां की दी हुई चेन तक सीमित नहीं थी. उनकी पत्नी चित्रानी ने भी उन्हें एक खास तोहफा दिया था.
The Indian Express को 2018 में दिए इंटरव्यू में बप्पी दा ने बताया था कि 1977 में शादी के बाद उनकी पत्नी ने उन्हें दो सोने के लॉकेट दिए थे. इनमें एक पर अंग्रेजी का अक्षर ‘B’ बना था, जबकि दूसरा गणपति का लॉकेट था. यही गणपति वाला लॉकेट आगे चलकर माइकल जैक्सन के साथ उनकी मुलाकात की वजह से चर्चा में आया.
बप्पी दा के लिए इन गहनों की कीमत सिर्फ सोने की वजह से नहीं थी. हर लॉकेट के साथ उनकी कोई न कोई याद और भावना जुड़ी हुई थी.
माइकल जैक्सन को पसंद आ गया था बप्पी दा का गणपति लॉकेट
बप्पी लाहिड़ी की जिंदगी का एक और दिलचस्प किस्सा पॉप स्टार माइकल जैक्सन से जुड़ा है. साल 1996 में जब माइकल जैक्सन मुंबई आए थे, तब उनकी मुलाकात बप्पी दा से हुई थी.
1 जुलाई 2018 को The Indian Express में प्रकाशित इंटरव्यू ‘Bappi Lahiri: The Man With the Golden Touch’ में बप्पी दा ने इस मुलाकात का किस्सा सुनाया था. उन्होंने बताया था कि माइकल जैक्सन की नजर उनके गणपति वाले सोने के लॉकेट पर पड़ी. उसे देखकर माइकल ने कहा था, “ओह, कितना खूबसूरत गणेश है!”
बप्पी दा ने बताया था कि एक पल के लिए उनके मन में यह लॉकेट माइकल जैक्सन को देने का ख्याल आया था. आखिरकार वह उनके पसंदीदा पॉप स्टार थे. लेकिन फिर उन्होंने सोचा कि माइकल जैक्सन के पास सब कुछ है, जबकि उनके पास यही सोना है, जिसे वह अपनी किस्मत मानते हैं. उन्हें लगा कि अगर उन्होंने गणपति का लॉकेट दे दिया, तो शायद उनके साथ जुड़ा आशीर्वाद भी चला जाएगा. इसलिए उन्होंने अपना लॉकेट अपने पास ही रखा.









