
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज आगामी आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. इसके लिए उन्हें ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. 339 और रन बनाकर वह आईपीएल में 9000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. इसके साथ ही कोहली कुछ इंटरनेशनल रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं.
टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली के लिए 2025 एक खास साल रहा. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बावजूद वह केवल वनडे में धूम मचा रहे हैं. हां, टी20 में विराट कोहली को केवल आईपीएल में ही खेलते देखा जाएगा. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ आखिरकार आईपीएल ट्रॉफी जीती और साथ ही राष्ट्रीय टीम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की. उन्होंने साल के अंत में भारत की आखिरी वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो शतक लगाए. 2026 कोहली के लिए और भी खास होने की संभावना है. इस साल वह तीन महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.
आईपीएल में 9000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी
विराट कोहली को आईपीएल 2026 में टूर्नामेंट में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 339 रनों की जरूरत है. फिलहाल उन्होंने 259 पारियों में 8661 रन बनाए हैं और वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा (267 पारियों में 7046 रन) उनसे दूसरे स्थान पर हैं. कोहली ने अपने पूरे करियर में सिर्फ एक ही टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेला है. पिछले तीन आईपीएल सीजन में से किसी में भी कोहली ने 600 से कम रन नहीं बनाए हैं. वह अपनी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं. उम्मीद है कि वह अगले सीजन में आराम से 9000 रनों का आंकड़ा पार कर लेंगे.
वनडे में 15,000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी
कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15,000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन सकते हैं. तेंदुलकर ने 452 वनडे पारियों में 18,426 रन बनाए हैं और वह वनडे में 15,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं. कोहली ने फिलहाल 296 पारियों में 14,557 रन बनाए हैं और वह वनडे क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. कोहली को 15,000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 443 रनों की जरूरत है. भारत को साल 2026 में लगभग 21 वनडे मुकाबले खेलने हैं, ऐसे में कोहली से उम्मीद की जा रही है कि वह आसानी से 15000 वनडे रनों के आंकड़े को पार कर लेंगे.









