
41 वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े पर दी गई नेत्रदान की जानकारी
धमतरी, 03 सितंबर 2026/ राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत जिले में 25 अगस्त से 08 सितम्बर तक 41 वाँ राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आज जिला जेल धमतरी के सभी बंदियों के लिए नेत्र परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल के सभी बंदियों की आँखों की बारीकी से जाँच की और उन्हें नेत्रदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूक किया। परीक्षण के दौरान 03 बंदियों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए, जबकि 14 बंदियों में दृष्टिदोष की पुष्टि हुई। दृष्टिदोष से पीड़ित बंदियों को राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण समिति द्वारा आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। वहीं मोतियाबिंद से ग्रसित 03 बंदियों को समुचित इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाने हेतु जेल अधीक्षक सूचना दे दी गई है।
इस मौके पर जेल अधीक्षक महेश कुमार, सहायक जेल अधीक्षक एन. के. डहरिया, फार्मासिस्ट लीलाराम साहू, शिक्षक दानीराम साहू तथा स्वास्थ्य विभाग के नेत्र सहायक अधिकारी गुरुशरण साहू, सहित स्वास्थ्य एवं जेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









