
सेंट्रल पूल कोटे से प्रवेश लेने वाली पहली छात्रा का सिम्स में हुआ स्वागत
रायपुर, 08 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में एमबीबीएस सेंट्रल पूल सीट के अंतर्गत नागालैंड की छात्रा सुश्री बेल थुल ओ ने 8 सितंबर 2026 को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। सेंट्रल पूल सीट के माध्यम से सिम्स में प्रवेश लेने वाली यह पहली छात्रा हैं।
सिम्स में इससे पहले भी नागालैंड के विद्यार्थी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। वर्तमान में विगत वर्षों में प्रवेशित नागालैंड के 6 छात्र-छात्राएं सिम्स मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं। इन विद्यार्थियों के अभिभावकों द्वारा सिम्स में उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्था एवं अध्यापन कार्य की सराहना की गई है।
सिम्स में राज्य कोटा एवं ऑल इंडिया कोटा के प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। प्रथम चरण के बाद स्टेट कोटा की 115 तथा ऑल इंडिया कोटा की 1 सीट के संबंध में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में स्टेट कोटा की 9 सीट, ऑल इंडिया कोटा की 21 सीट तथा सेंट्रल पूल कोटा की 3 सीट रिक्त हैं। प्रवेश प्रक्रिया के द्वितीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है, जिसकी प्रवेश प्रक्रिया 12 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगी।
*सिम्स में देशभर के विद्यार्थियों का स्वागत*
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि सेंट्रल पूल सीट के माध्यम से नागालैंड की छात्रा का सिम्स में प्रवेश होना संस्थान के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थी सिम्स में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए आ रहे हैं। सेंट्रल पूल कोटे से प्रवेश लेने वाली पहली छात्रा के रूप में सुश्री बेल थुल ओ का सिम्स परिवार में स्वागत है। सिम्स में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों के सिम्स से जुड़ने से संस्थान में राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा मिलता है। सिम्स में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा प्रदान करना संस्थान की प्राथमिकता है।









