Ro no D15139/23

खेल प्रतिभाओं को तराशने जिला प्रशासन की पहल, खेल संघों से साझा रोडमैप तैयार करने पर जोर

जिला स्तरीय खेल संवर्धन एवं विकास बैठक में खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और प्रतिभा पहचान पर हुआ मंथन

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का कलेक्टर ने किया सम्मान

 

धमतरी, 8 सितंबर 2026। जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खेल गतिविधियों को व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिला स्तरीय खेल संवर्धन एवं विकास संबंधी बैठक आज जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न खेल संघों एवं खेल क्लबों के पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए खेलों के विकास, खिलाड़ियों की आवश्यकताओं तथा प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

 

बैठक में जिले में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के लिए समग्र खेल कैलेंडर तैयार करने, खेल संघों एवं क्लबों के पंजीयन को व्यवस्थित करने, खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करने तथा उन्हें नियमित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन एवं क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित करने और विभिन्न खेल संघों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

 

सुविधाओं के साथ प्रतिभाओं के विकास का बनेगा समग्र रोडमैप

 

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन प्रतिभाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप सही मार्गदर्शन, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और पर्याप्त प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने खेल संघों एवं संबंधित अधिकारियों से समन्वित एवं परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि जिले में संचालित खेल गतिविधियों का व्यवस्थित कैलेंडर तैयार कर प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और प्रतिभा पहचान कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जाए। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही खेल मैदानों एवं उपलब्ध अधोसंरचना के बेहतर उपयोग पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उन्हें निरंतर प्रशिक्षण एवं उपयुक्त प्रतियोगिताओं से जोड़ने की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

 

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय उनके दीर्घकालीन विकास पर ध्यान देना जरूरी है। खेल संघों, प्रशिक्षकों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे जिले के खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।

 

खेल संघों ने रखे सुझाव, समन्वित प्रयासों पर बनी सहमति

 

बैठक में कुश्ती, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, क्रिकेट, पावरलिफ्टिंग, योगासन, कबड्डी, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, तैराकी, बेसबॉल, वॉलीबॉल, नेटबॉल, शतरंज सहित विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल सामग्री, मैदान, प्रशिक्षकों की उपलब्धता, प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए।

 

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि खेलों के विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर समन्वय करते हुए अधिक से अधिक युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए। विद्यालयों, खेल संघों, क्लबों एवं जिला प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत कर जमीनी स्तर से प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने की व्यवस्था विकसित की जाए।

 

उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

 

बैठक के दौरान जिले में खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कुश्ती के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री लक्ष्मण साहू ‘पहलवान’ तथा परखंदा निवासी नेटबॉल खिलाड़ी कु. पूजा साहू को राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सम्मानित किया। उन्होंने दोनों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अरुण वर्मा, एसडीएम एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री पीयूष तिवारी, सहायक खेल अधिकारी श्री जगतपति देव सहित खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

  • Related Posts

    आपदा प्रभावितों एवं उनके आश्रितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

    राजनांदगांव 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने दैवीय विपत्तियों के संबंध में राहत मद अंतर्गत आपदा प्रभावितों एवं उनके आश्रितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। राजनांदगांव…

    Read more

    कमला कालेज में 9 सितम्बर को रोजगार मेला का आयोजन

    लगभग 1074 पदों पर होगी भर्ती   राजनांदगांव 08 सितम्बर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र (मॉडल कैरियर सेंटर) राजनांदगांव द्वारा 9 सितम्बर 2026 को सुबह 10.30 बजे से…

    Read more

    NATIONAL

    डॉ. सत्यवान सौरभ पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक चिंतन का सशक्त स्वर

    डॉ. सत्यवान सौरभ  पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक चिंतन का सशक्त स्वर

    आसनसोल में बढ़े साइबर ठगी के मामले, पहले महीने में 8 केस दर्ज होते थे, 5 दिन में हुई 10 FIR

    आसनसोल में बढ़े साइबर ठगी के मामले, पहले महीने में 8 केस दर्ज होते थे, 5 दिन में हुई 10 FIR

    9/11 के संदिग्ध के अल-कायदा कनेक्शन के नए सबूत: FBI क्यों रही खामोश, सामने आए चौंकाने वाले वीडियो

    9/11 के संदिग्ध के अल-कायदा कनेक्शन के नए सबूत: FBI क्यों रही खामोश, सामने आए चौंकाने वाले वीडियो

    नेटिजन बनने से पहले सिटिजन बनें युवा : प्रो. संजय द्विवेदी

    नेटिजन बनने से पहले सिटिजन बनें युवा : प्रो. संजय द्विवेदी

    समग्र यूरोप को मिला अनूठा आध्यात्मिक उपहार ● फ्रांस में हुआ देश के पहले पारंपरिक हिंदू मंदिर का भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

    समग्र यूरोप को मिला अनूठा आध्यात्मिक उपहार ● फ्रांस में हुआ देश के पहले पारंपरिक हिंदू मंदिर का भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

    बिहार और केन्द्र सरकार ने बिहार के हितों की बलि चढ़़ा दी : जदयु

    बिहार और केन्द्र सरकार ने बिहार के हितों की बलि चढ़़ा दी : जदयु