
*रचनात्मक और प्रेरणादायी आयोजनों पर अनर्गल प्रलाप करना कांग्रेस की कुण्ठित मानसिकता का परिचायक : डॉ. मिश्रा*
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की ओछी और दोहरी मानसिकता करार दिया है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र और समाज सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत बच्चों के बौद्धिक, नैतिक और वैचारिक विकास से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों पर कांग्रेस का पेट दर्द होना उसके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा पर घड़ियाली आँसू बहाने वाले बैज शायद अपना अतीत बहुत जल्दी भूल गए हैं। जून 2024 में ग्रीष्मकालीन अवकाश की समय-सीमा बढ़वाने के नाम पर खुद बैज मासूम स्कूली बच्चों को लेकर भीषण गर्मी और तपती धूप में सड़कों पर आंदोलन का तमाशा कर रहे थे।
नौनिहालों का राजनीतिक स्वार्थ और ढाल के रूप में इस्तेमाल करना हमेशा से कांग्रेस का सबसे शर्मनाक चरित्र रहा है, और आज वही बैज नैतिकता के नाम पर ज्ञान बाँट रहे हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बौद्धिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विकास के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम होते थे—तब क्या वह राजनीति थी? आज जब बच्चों को सेवा भाव, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से परिचित कराया जा रहा है, तो कांग्रेस इसे राजनीतिक दुष्प्रचार बताकर अपनी कुण्ठा जाहिर कर रही है। कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रदेश की भावी पीढ़ी राष्ट्रसेवा और सकारात्मक विचारों से जुड़े।
डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बच्चों के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह संकल्पित है। स्कूलों में शिक्षण कार्य के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास की गतिविधियां विद्यार्थियों के भविष्य को गढ़ने के लिए आवश्यक हैं। कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुकी है, इसलिए वह हर सकारात्मक पहल पर झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।









