
*धुएं से राहत, स्वच्छ ईंधन की सुविधा से बचा समय और श्रम*
रायपुर, 20 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सामने लाना है। इसी क्रम में मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम सांगली की हितग्राही श्रीमती हेमलता यादव के जीवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से आया बदलाव सेवा और सुशासन की सार्थक पहल का उदाहरण है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने से पूर्व हेमलता का परिवार खाना पकाने के लिए मुख्य रूप से लकड़ी, उपले एवं अन्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भर था। पारंपरिक ईंधन के कारण रसोई में धुआं भर जाता था। खाना बनाने में अधिक समय और मेहनत लगती थी तथा लकड़ी की व्यवस्था करने में भी हेमलता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने के बाद हेमलता को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन एवं गैस चूल्हा प्राप्त हुआ। इससे उनके परिवार के लिए स्वच्छ ईंधन से खाना पकाना आसान हो गया।
हेमलता कहती हैं कि उज्ज्वला गैस का उपयोग करने से रसोई में धुएं की समस्या कम हुई और स्वच्छ ईंधन से भोजन पकाना संभव हुआ। अब उन्हें खाना पकाने के लिए लकड़ी एकत्र करने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। स्वच्छ ईंधन की सुविधा से परिवार की दिनचर्या अधिक सुविधाजनक हुई है और पारंपरिक ईंधन के उपयोग से होने वाली परेशानियों से भी राहत मिली है।









