Ro no D15139/23

ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता की राष्ट्रीय समीक्षा, धमतरी में QRT ने कार्यों को पाया संतोषप्रद

NRIDA की गुणवत्ता समीक्षा टीम ने PMGSY एवं पीएम जनमन योजना की सड़कों का किया संयुक्त निरीक्षण

 

तकनीकी मानकों, निर्माण गुणवत्ता, सामग्री परीक्षण और अभिलेखों की हुई गहन समीक्षा; जनप्रतिनिधियों ने रखे ग्रामीण संपर्क एवं सड़क मरम्मत से जुड़े मुद्दे

 

धमतरी, 26 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) एवं पीएम जनमन योजना के तहत धमतरी जिले में निर्मित एवं निर्माणाधीन ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता की राष्ट्रीय स्तर पर समीक्षा की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण अवसंरचना विकास एजेंसी (NRIDA), नई दिल्ली द्वारा गठित गुणवत्ता समीक्षा दल (QRT) ने 21 एवं 22 सितंबर को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्यों की स्थिति संतोषप्रद पाई गई।

 

QRT ने CGRRDA रायपुर के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क मार्गों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के अनुपालन तथा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की ज्यामितीय संरचना, फील्ड लैब में किए जा रहे परीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं, अभिलेखों के संधारण तथा साइट पर्यवेक्षण सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।

 

निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर

 

निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा निर्माणाधीन सड़कों में निर्धारित तकनीकी प्रक्रियाओं के पालन तथा निर्माण सामग्री के परीक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। सड़क निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने, आवश्यक परीक्षणों के अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित सड़कों की टिकाऊपन एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

 

QRT ने तकनीकी चुनौतियों पर दिया आवश्यक मार्गदर्शन

 

23 सितंबर को PIU स्टाफ एवं QRT टीम के बीच तकनीकी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में निर्मित एवं निर्माणाधीन ग्रामीण सड़कों से संबंधित तकनीकी चुनौतियों, गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण प्रक्रिया, सामग्री परीक्षण एवं कार्यों की निगरानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। QRT द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान सामने आए तकनीकी बिंदुओं के आधार पर अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

 

जनप्रतिनिधियों के साथ हुई विस्तृत समीक्षा

 

24 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, QRT एवं CGRRDA के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम एवं धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू सहित संयुक्त कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, QRT के श्री कुलभूषण गोयल (NQM Emeritus), डॉ. आर.के. त्रिपाठी (STA छत्तीसगढ़), श्री विपिन कुमार गौर (NQM), मुख्य अभियंता SQC CGRRDA रायपुर श्री अमित गुलहरे, अधीक्षण अभियंता श्री बलवंत सिंह पटेल, कार्यपालन अभियंता PIU धमतरी श्री आनंद राम ध्रुव, सहायक अभियंता देवश्री साहू एवं उप अभियंता उपस्थित रहे।

 

अधीक्षण अभियंता श्री बलवंत सिंह पटेल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 21 से 23 सितंबर तक QRT के साथ किए गए संयुक्त निरीक्षण, सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति तथा प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी दी।

 

भारी वाहनों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठा

 

बैठक में सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने भारतमाला परियोजना के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से PMGSY सड़कों को हुई क्षति का विषय उठाया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य बजट में उपलब्ध निधि का आकलन कर आवश्यकतानुसार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने मुख्य मार्ग से अभी तक नहीं जुड़ी बसाहटों को ग्रामीण सड़क नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि PMGSY के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मानदंडों के अनुरूप प्रस्तावों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

ग्रामीण सड़कों पर भारी भार का भी उठा विषय

 

धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू ने रेत एवं मुरुम से लदे भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों को होने वाले नुकसान की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ भारी भार वाले वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए बिटुमिन सतह की मोटाई बढ़ाने का सुझाव दिया।

 

इस पर STA द्वारा स्पष्ट किया गया कि PMGSY के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों का डिजाइन निर्धारित तकनीकी मानकों, यातायात सर्वेक्षण एवं स्वीकृत डिजाइन पैरामीटर के आधार पर तैयार किया जाता है। सड़क की संरचना एवं सतह की मोटाई भी निर्धारित तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तय की जाती है।

 

बेहतर ग्रामीण संपर्क और टिकाऊ सड़क अधोसंरचना पर जोर

 

समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी एवं बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने, निर्मित सड़कों के नियमित रखरखाव, निर्माण गुणवत्ता की निरंतर निगरानी तथा सड़क परिसंपत्तियों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता एवं रखरखाव की सतत निगरानी आवश्यक है, ताकि ग्रामीण आबादी को लंबे समय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

QRT द्वारा किए गए निरीक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन से जिले में PMGSY एवं पीएम जनमन योजना के तहत संचालित सड़क कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। समीक्षा के दौरान सामने आए तकनीकी एवं मैदानी बिंदुओं के आधार पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण एवं रखरखाव को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

  • Related Posts

    उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

    पांच सफाई मित्रों का सम्मान; जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने किया श्रमदान और पौधरोपण रायपुर, 25 सितंबर 2026/ स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आज रायपुर के…

    Read more

    सेवा और समर्पण से ही सशक्त समाज का निर्माण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    *मुख्यमंत्री अंत्योदय सेवा वंदन पर्व एवं वीरगाथा सम्मान समारोह में हुए शामिल, ‘नमो सेवा गाथा’ का हुआ मंचन*   *समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों, पुलिस,…

    Read more

    NATIONAL

    Video: सिक्किम से आया लैंडस्लाइड का खौफनाक वीडियो, नेपाल की तरह पहाड़ों से नीचे बहा मलबा

    Video: सिक्किम से आया लैंडस्लाइड का खौफनाक वीडियो, नेपाल की तरह पहाड़ों से नीचे बहा मलबा

    बदलते बस्तर की तस्वीर: पर्यटन से विकास की नई राह* प्रकृति, जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, होमस्टे और इको-टूरिज्म से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिल रहा विस्तार *बस्तर में पर्यटन संभावनाओं का नया अध्याय

    बदलते बस्तर की तस्वीर: पर्यटन से विकास की नई राह*  प्रकृति, जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, होमस्टे और इको-टूरिज्म से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिल रहा विस्तार  *बस्तर में पर्यटन संभावनाओं का नया अध्याय

    कोलकाता पहुंचे गौतम अडानी: हेल्थकेयर से हेरिटेज तक, अडानी समूह का बंगाल के लिए बड़ा प्लान

    कोलकाता पहुंचे गौतम अडानी: हेल्थकेयर से हेरिटेज तक, अडानी समूह का बंगाल के लिए बड़ा प्लान

    ‘सेवा भाव’ से योजनाएं, योजनाओं से विकास… PM Modi ने बताया देश की तरक्की का मंत्र

    ‘सेवा भाव’ से योजनाएं, योजनाओं से विकास… PM Modi ने बताया देश की तरक्की का मंत्र

    जिनपिंग को डरते देख मुस्कुराने लगे ट्रंप! कैमरे में कैद हुआ रिएक्शन; US दौरे पर पुतिन के साथ भी हुआ था ऐसा

    जिनपिंग को डरते देख मुस्कुराने लगे ट्रंप! कैमरे में कैद हुआ रिएक्शन; US दौरे पर पुतिन के साथ भी हुआ था ऐसा

    क्या 100% टैरिफ का निकलेगा हल? दिसंबर में डोनाल्ड ट्रंप से मिल सकते हैं PM मोदी

    क्या 100% टैरिफ का निकलेगा हल? दिसंबर में डोनाल्ड ट्रंप से मिल सकते हैं PM मोदी