
नदी घाटों और जलस्रोतों पर चला ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान
धमतरी, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी वनमंडल द्वारा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को लेकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न जलस्रोतों, नदी घाटों एवं पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई कर नागरिकों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक कचरे का उपयोग एवं निस्तारण जिम्मेदारीपूर्वक करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान की शुरुआत 23 सितंबर से पौधरोपण गतिविधियों के साथ की गई। इसके क्रम में 25 सितंबर को फुटहामुड़ा जलाशय, नरहरा जलप्रपात, कोटरवाही, महानदी उद्गम स्थल फरसियां, नगरी स्थित महामाई मंदिर तथा गणेश घाट सिहावा सहित विभिन्न जलस्रोतों एवं नदी घाटों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
सफाई अभियान के दौरान नदी घाटों एवं जलस्रोतों के आसपास बिखरी प्लास्टिक बोतलें, कूड़ा-कचरा तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर हटाया गया। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं ग्रामीणों को जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा नदी-नालों और जलाशयों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही जलस्रोतों के आसपास हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को प्रोत्साहित किया गया।
अभियान के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता के साथ ही उनके संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता का संदेश दिया गया। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों सहित नदी घाटों और जलाशयों में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें संजय रौतिया, उपवनमंडलाधिकारी नगरी श्री बी.के. लकड़ा, संलग्नाधिकारी श्री अभिनव शर्मा, प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक श्री संदीप कुमार सोम सहित वन परिक्षेत्र एवं वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।









