
*- प्रधानमंत्री आवास योजना ने दिया सुरक्षित जीवन का सहारा*
*- सेवा संकल्प अभियान के तहत हितग्राही ने साझा की खुशियों की कहानी, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार*
राजनांदगांव 25 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने आ रही हैं। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत नवागांव निवासी श्री परदेशी यादव के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने ऐसा ही सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी कच्चे और जर्जर मकान में परिवार के साथ रहने वाले श्री यादव अब अपने पक्के और सुरक्षित आवास में सुखपूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं।
श्री परदेशी यादव ने बताया कि उनका बचपन और पूरा जीवन ग्राम नवागांव में ही बीता। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें। लंबे समय तक उनका परिवार कच्चे और टूटे-फूटे मकान में रहने को मजबूर रहा। बरसात के दिनों में पानी टपकना और दीवारों से पानी अंदर आने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जर्जर मकान के कारण हर समय दुर्घटना का डर बना रहता था, वहीं सर्प एवं बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का भय भी परिवार को सताता था।
आवास प्लस सर्वे-2018 में उनका नाम दर्ज होने तथा पात्रता के आधार पर वर्ष 2025-26 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिला। योजना के तहत पक्का मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रूपए की सहायता राशि तथा मनरेगा अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी का लाभ मिला। पंचायत के सहयोग और योजना से प्राप्त सहायता से निर्धारित मापदंड के अनुसार उनका पक्का आवास तैयार हुआ। आज श्री परदेशी यादव अपने परिवार के साथ सुरक्षित और पक्के मकान में रहकर बेहद खुश हैं। उनके लिए यह मकान केवल ईंट और सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि वर्षों से देखे जा रहे सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के सपने का साकार होना है।
श्री परदेशी ने कहा कि पहले बरसात में घर के अंदर पानी आने और कच्चे मकान के गिरने का डर रहता था, लेकिन अब हमारा अपना पक्का घर है। सरकार की योजना से हमारे जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आया है। श्री परदेशी यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और सहारे का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना से किए जा रहे कार्यों से अनेक परिवारों के जीवन में खुशियां आई हैं।









