
राजनांदगांव 25 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सांकरा स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-3 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य श्री डुगेष साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्रीमती विजया शर्मा ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को महतारी वंदन योजना, बाल संदर्भ योजना, सक्षम स्वावलंबन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल एवं पोषण के महत्व के संबंध में जानकारी दी। संकल्प एक प्रयास एनजीओ से श्रीमती भारती बंजारे ने महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के बेहतर पालन-पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती गुनिता साहू ने योजना से मिले लाभ का अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग वह अपने बच्चे के बेहतर खान-पान एवं पोषण के लिए कर रही हैं।
कार्यक्रम में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक युवान व माता श्रीमती तामेश्वरी जोशी, बालक विमेश व माता श्रीमती जागृति, बालिका हंसिका व माता श्रीमती प्रतिमा तथा बालिका यशिका व माता श्रीमती अश्वनी बघेल को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम की मितानिन श्रीमती रेवती जोशी को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मधूर वैष्णव, श्रीमती टेमिन निषाद एवं श्रीमती सविता डहरे तथा सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीण महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, बिंदी लगाओ सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, मितानिन, गर्भवती माताएं, पोषण माताएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









