
अम्बिकापुर 25 सितंबर 2026/ नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के सभी 48 वार्डों के नागरिकों को विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 29 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक छह विशेष सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों के आवेदनों को मौके पर ही सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विवाह प्रमाण-पत्र, व्यापार अनुज्ञप्ति, नल कनेक्शन सहित सेवा सेतु पोर्टल से संबंधित सेवाओं के लिए नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने नहीं कहा जाएगा, शिविर में निगम के कर्मचारी आवेदन ऑनलाइन दर्ज करेंगे। पात्र आवेदनों का यथासंभव शिविर स्थल पर ही निराकरण कर संबंधित सेवा, प्रमाण-पत्र अथवा अनुज्ञप्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा संपत्ति समेकित कर, जल कर, पेंशन तथा जन्म-मृत्यु से संबंधित सेवाओं के लिए भी नागरिक शिविरों में आवेदन कर सकेंगे। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उन्हें सेवा सेतु पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित शाखा अथवा अधिकारी को भेजा जाएगा और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त ने 24 सितम्बर 2026 को निगम के समस्त कर्मचारियों की बैठक लेकर शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर-
29 सितम्बर को स्वामी आत्मानंद स्कूल गांधी नगर, 1 अक्टूबर को पुराना नगर निगम कार्यालय केदारपुर, 6 अक्टूबर को माता राजमोहिनी देवी भवन पी.जी. कॉलेज के सामने, 8 अक्टूबर को नगर निगम नवीन कार्यालय गौरव पथ रोड, 13 अक्टूबर को सामुदायिक भवन बरेजपारा तालाब के पास, 15 अक्टूबर को नगर निगम स्कूल रोड में शिविर आयोजित होंगे।









