
अम्बिकापुर 25 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के लिए सरगुजा संभाग में दो दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। समान नागरिक संहिता समिति के सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार बैठक 8 अक्टूबर 2026 को अंबिकापुर और 9 अक्टूबर 2026 को जशपुर में होगी।पत्र के अनुसार 8 अक्टूबर को अंबिकापुर में शासकीय पीजी काॅलेज आॅडिटोरिम में दोपहर 3 बजे बैठक रखी गई है। इसमें सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और कोरिया जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जशपुर में बैठक होगी, जिसमें जशपुर जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने जिलों के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों तथा निगमध्मंडलध्आयोग के प्रतिनिधियों को उपस्थित होने का अनुरोध किया है। संभागायुक्त ने संबंधित जिलों के कलेक्टर को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कलेक्टर सरगुजा को बैठक के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने तथा संबंधित संगठनों एवं प्रमुखों को बैठक में शामिल होने और उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









