
पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत दूरस्थ बसाहटों में चिकित्सीय एवं लैब जांच के साथ दवाइयों का वितरण
चिकित्सक, स्टाफ नर्स और लैब तकनीशियन की टीम दे रही सेवाएं, जरूरत पड़ने पर रेफरल का भी समन्वय
अम्बिकापुर 27 सितम्बर 2026/ दूरस्थ पहाड़ी कोरवा बसाहटों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित सात मोबाइल मेडिकल यूनिट पहाड़ी कोरवा बसाहटों में शिविर लगाकर लोगों को उनके नजदीक ही चिकित्सीय जांच, लैब जांच और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
जिले में सात एमएमयू संचालित
पीएम जनमन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में सात मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। ये एमएमयू पहाड़ी कोरवा बसाहटों में शिविर लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रत्येक दल में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और ड्राइवर शामिल रहते हैं। टीम निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करती है और आवश्यकता के अनुरूप उपचार उपलब्ध कराती है।
जांच से लेकर दवा तक एक ही स्थान पर सुविधा
एमएमयू के माध्यम से शिविरों में आने वाले मरीजों की चिकित्सीय जांच के साथ आवश्यक लैब जांच की जाती है। जांच के आधार पर मरीजों को जरूरी दवाइयां भी वितरित की जाती हैं। इससे पहाड़ी कोरवा बसाहटों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम हो रही है।
स्वास्थ्य टीम मरीजों की काउंसलिंग भी करती है। ऐसे मरीज जिन्हें आगे की जांच अथवा उच्च स्वास्थ्य संस्था में उपचार की आवश्यकता होती है, उनके रेफरल के लिए आवश्यक समन्वय किया जाता है। इस तरह एमएमयू प्राथमिक जांच से लेकर जरूरत के अनुसार आगे के उपचार से जोड़ने की कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी सहयोग
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम स्वास्थ्य शिविरों के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी सहयोग प्रदान कर रही है। पहाड़ी कोरवा बसाहटों तक नियमित रूप से पहुंच रही एमएमयू सेवा के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा वितरण, काउंसलिंग और रेफरल जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के नजदीक उपलब्ध कराया जा रहा है।









