
*हर महीने मिलने वाली राशि में से आधी बेटी के नाम बचत, सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रहीं 500 रुपए*
रायपुर, 28 सितंबर 2026/ महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए केवल रोजमर्रा की जरूरतों का सहारा ही नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव भी बन रही है। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के ग्राम घावड़ेटोला निवासी श्रीमती हरिला साहू इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। वे योजना से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा हर महीने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सहेज रही हैं।
श्रीमती हरिला साहू को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलती है। इसमें से वे 500 रुपए अपनी बेटी के सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में नियमित रूप से जमा करती हैं, जबकि शेष राशि का उपयोग परिवार की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करती हैं।
हरिला साहू कहती हैं कि हर महीने मिलने वाली यह राशि उन्हें बेटी के भविष्य के लिए छोटी-छोटी बचत करने का भरोसा देती है। आज बचाए जा रहे 500 रुपए उनके लिए केवल एक बचत नहीं, बल्कि बेटी की पढ़ाई और उसके बेहतर भविष्य के लिए संजोया जा रहा सपना है।
हरिला बताती हैं कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को परिवार की जरूरतों के साथ भविष्य के बारे में सोचने और अपने स्तर पर आर्थिक निर्णय लेने का अवसर मिला है। थोड़ी-थोड़ी राशि की नियमित बचत आने वाले समय में बेटी के लिए बड़ा सहारा बन सकती है।
श्रीमती हरिला साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ परिवार और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में भी सहायक बन रही हैं।









