
*प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण ने दिया सुरक्षित घर, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा*
रायपुर, 28 सितंबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। ऐसी ही एक सेवा की कहानी मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के ग्राम पंचायत मोहला के हितग्राही अस्लम खान की है, जिनके परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पक्की छत के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है।
अस्लम खान का जीवन लंबे समय से आर्थिक चुनौतियों से घिरा रहा। सीमित आमदनी के कारण अपने संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। कच्चे घर में परिवार के साथ रहते हुए बारिश के मौसम में बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। वर्ष 2024-25 में आवास निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद योजना के अंतर्गत प्राप्त सहायता राशि और परिवार के स्वयं के प्रयासों से अस्लम खान ने अपने पक्के घर का निर्माण शुरू किया। चरणबद्ध रूप से निर्माण पूरा हुआ और आज उनका परिवार अपने स्वयं के सुरक्षित एवं पक्के आशियाने में सुकून के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।
अस्लम खान बताते हैं, पहले बारिश के समय बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी। अब हमारा अपना पक्का घर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमें केवल मकान नहीं दिया, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी दी है। नए आवास के निर्माण से परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिला है। आवास के साथ शौचालय, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ाव होने से परिवार के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
अस्लम खान के लिए यह पक्का मकान सिर्फ ईंट और सीमेंट से बनी इमारत नहीं, बल्कि वर्षों की चिंता से मुक्ति, परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी ऐसी कहानियां यह दर्शाती हैं कि जब योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचता है, तो वह लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव का माध्यम बनता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)के माध्यम से मिले इस लाभ के लिए अस्लम खान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।









