
वृहद पुल निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त, वर्षा ऋतु के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
धमतरी, 28 सितंबर 2026। ग्राम कोड़ेगांव-मोंगरागहन के बीच बारिश के चलते जर्जर पुल के क्षतिग्रस्त होने के संबंध में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई धमतरी द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग में स्थित पूर्व निर्मित VCW (वेंटेड कॉजवे) अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है।
विभाग द्वारा वर्तमान स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से में मुरूम फिलिंग का कार्य कराया गया है, जिससे मार्ग पर आवागमन सुगम हो गया है और यातायात की व्यवस्था बहाल कर दी गई है।
विभाग ने बताया कि उक्त मार्ग में स्थित जर्जर VCW के स्थान पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आर.डी. 3100 मीटर पर वृहद पुल निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। प्रस्तावित वृहद पुल का निर्माण हल्बा मेन रोड-मोंगरागहन-कोड़ेगांव मार्ग पर किया जाएगा।
वर्षा ऋतु समाप्त होने के पश्चात स्वीकृत वृहद पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। विभाग द्वारा वर्तमान में मार्ग की स्थिति पर निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए तात्कालिक व्यवस्था की जा रही है।









