जशपुरनगर 29 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर वन मंडल द्वारा जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता पर ज्ञान एवं जागरूकता कार्यक्रम सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन मुख्यालय रायपुर से विषय विशेषज्ञ डॉ. अनिल श्रीवास्तव एवं कृषि विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के रिसर्च एसोसिएट श्री यमलेश निषाद ने जलवायु परिवर्तन के कारणों, पर्यावरण एवं जैव विविधता पर प्रभाव तथा वन पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिका के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम में फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्यूरिटी, रायपुर द्वारा जैव विविधता संरक्षण, स्थानीय समुदायों की सहभागिता तथा ‘युवान’ पहल के माध्यम से युवाओं को नागरिक विज्ञान से जोड़ने की जानकारी दी गई। पक्षी, सर्प एवं तितली सहित विभिन्न जैव विविधता घटकों की पहचान, उनके पारिस्थितिक महत्व एवं संरक्षण पर भी जानकारी दी गई। व्यावहारिक सत्र में प्रतिभागियों ने प्रकृति भ्रमण, प्रकृति अवलोकन, क्षेत्रीय रिकॉर्डिंग एवं बर्ड वाचिंग के माध्यम से स्थानीय जैव विविधता के अवलोकन एवं अभिलेखीकरण की प्रक्रिया समझी। मेरा युवा भारत, जशपुर के स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम में वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार, भा.व.से., उप वनमण्डलाधिकारी श्री करण सिंह, स.व.सं.श्री नरेन्द्र यादव, सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कॉमन लैण्ड एनजीओ के प्रतिनिधि एवं सदस्य तथा अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रति वैज्ञानिक समझ विकसित करने, जैव विविधता संरक्षण तथा युवाओं एवं स्थानीय समुदायों की प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
युवाओं को नागरिक विज्ञान से जोड़ने और प्रकृति संरक्षण में सहभागिता पर दिया गया जोर








