
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ कभी संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए अधिक समय लगना और उसके बाद नामांतरण के लिए अलग से प्रक्रिया पूरी करना नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता था। पंजीयन सेवाओं में किए गए सुधारों से अब यह तस्वीर बदल रही है। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमकानी निवासी श्रीमती साविता पैंकरा ने इस बदलाव को स्वयं महसूस किया। कम समय में उनकी रजिस्ट्री पूरी हुई, महिला होने के कारण पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की रियायत मिली, पंजीयन के बाद नामांतरण की प्रक्रिया तत्काल आगे बढ़ी और रजिस्ट्री की प्रति भी सीधे मोबाइल पर प्राप्त हो गई। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पंजीयन विभाग से संवाद में उन्होंने अपना अनुभव साझा किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की पहल से पंजीयन सेवाओं को सरल, सुगम, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीक आधारित सुधार किए गए हैं। महिलाओं को पंजीयन शुल्क में राहत देने के साथ रजिस्ट्री और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से आसान बनाया जा रहा है। इन सुधारों से नागरिकों का समय और खर्च कम होने के साथ कार्यालयों की अनावश्यक दौड़भाग भी घट रही है।
पहले एक दिन में नहीं होता था काम, अब कम समय में पूरी हुई रजिस्ट्री
श्रीमती साविता पैंकरा ने बताया कि पहले संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया में अधिक समय लगता था और कई बार एक दिन में काम पूरा नहीं हो पाता था। नई व्यवस्था में उन्हें कम समय में पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने की सुविधा मिली। महिला हितग्राही होने के कारण पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की रियायत से रजिस्ट्री का खर्च भी कम हुआ।
इस तरह साविता को एक साथ दोहरी राहत मिलीकृएक ओर शुल्क में बचत हुई, वहीं दूसरी ओर कम समय में पंजीयन पूरा होने से समय और अनावश्यक दौड़भाग से भी राहत मिली।
रजिस्ट्री के साथ नामांतरण ने खत्म किया अलग प्रक्रिया का इंतजार
पंजीयन के बाद नामांतरण की प्रक्रिया को भी अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। ऑटोम्यूटेशन व्यवस्था के माध्यम से रजिस्ट्री होने के बाद राजस्व अभिलेखों में नामांतरण की प्रक्रिया स्वतः आगे बढ़ती है। इससे नागरिकों को नामांतरण के लिए अलग से आवेदन करने और संबंधित कार्यालयों में बार-बार जाने की आवश्यकता कम हुई है।
श्रीमती साविता पैंकरा को भी इस सुविधा का लाभ मिला। पंजीयन के बाद उनके नाम से नामांतरण की प्रक्रिया तत्काल आगे बढ़ी। इससे संपत्ति की रजिस्ट्री के बाद अलग से नामांतरण के लिए इंतजार और कार्यालयीन प्रक्रिया की परेशानी कम हुई।
मोबाइल पर मिली रजिस्ट्री की प्रति, डिजिटल सुविधाओं ने आसान किया काम
तकनीक के उपयोग से पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाया गया है। आधार आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से क्रेता, विक्रेता और गवाहों की पहचान सत्यापित की जाती है। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल दस्तावेज जैसी सुविधाओं से नागरिकों के लिए रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हुई है। पंजीयन शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग और यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों से भी किया जा सकता है।
श्रीमती साविता को रजिस्ट्री पूरी होने के बाद उसकी प्रति सीधे मोबाइल पर प्राप्त हुई। इससे पंजीकृत दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया भी उनके लिए आसान हुई।
साविता की कहानी-बदलती पंजीयन व्यवस्था का जमीनी अनुभव
श्रीमती साविता पैंकरा का अनुभव पंजीयन सेवाओं में आए बदलाव की जमीनी तस्वीर प्रस्तुत करता है। कम समय में रजिस्ट्री, महिलाओं को पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की राहत, ऑटोम्यूटेशन से आसान नामांतरण और मोबाइल पर रजिस्ट्री की प्रति-इन सुविधाओं ने उनके लिए पूरी प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक सहज बनाया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से पंजीयन विभाग हितग्राहियों से सीधे संवाद कर इन्हीं बदलावों के अनुभव और सुझाव संकलित कर रहा है। साविता की कहानी बताती है कि तकनीक और प्रक्रिया के सरलीकरण से पंजीयन सेवा अब कम समय, कम खर्च और अधिक सुविधा की दिशा में आगे बढ़ रही है।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत बनाने और पशुपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाने में पशुपालन विभाग की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्राम गगोली, विकासखंड लुंड्रा (धौरपुर) निवासी धनेश्वरी केरकेट्टा भी ऐसी ही एक पहल से लाभान्वित होकर सुअर पालन को आगे बढ़ा रही हैं।
धनेश्वरी केरकेट्टा को वर्ष 2025 में पशुपालन विभाग की ‘सुकर त्रयी योजना’ के अंतर्गत एक नर और दो मादा सुअर प्रदान किए गए। योजना के माध्यम से मिले इन पशुओं से उन्होंने सुअर पालन की शुरुआत की और मेहनत व देखभाल के परिणामस्वरूप अब उन्हें 10 बच्चे प्राप्त हुए हैं। इससे उनका उत्साह बढ़ा है और वे सुअर पालन को आगे और विस्तारित करने की तैयारी कर रही हैं।
धनेश्वरी बताती हैं कि सुअर पालन से उन्हें अपनी आजीविका को मजबूत करने का अवसर मिला है। गांव में ही सुअरों और उनके बच्चों की बिक्री हो जाने से बाजार की बड़ी समस्या भी नहीं रहती। वे कहती हैं, “गांव में ही सुअर बिक जाते हैं। आगे संख्या बढ़ने पर हम इन्हें मंडी में भी बेचेंगे।”
उन्होंने पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग से मिले सहयोग ने उन्हें सुअर पालन शुरू करने और इसे आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। अब उनका लक्ष्य सुअर पालन का विस्तार कर अधिक आय अर्जित करना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ गांवों में स्वच्छता केवल कचरे के उचित निपटान तक सीमित नहीं है, बल्कि घरों से प्रतिदिन निकलने वाले उपयोग किए गए पानी का व्यवस्थित प्रबंधन भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी दिशा में जनपद पंचायत उदयपुर की ग्राम पंचायत भकुरमा में ग्रे-वाटर प्रबंधन के लिए मैजिक पिट का निर्माण किया गया है। इससे घरेलू उपयोग के बाद निकलने वाले पानी के उचित निस्तारण की व्यवस्था विकसित हुई है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत यह मैजिक पिट तैयार किया गया है। घरों से निकलने वाला ग्रे-वाटर खुले स्थानों एवं आसपास बहने के बजाय मैजिक पिट के माध्यम से व्यवस्थित रूप से प्रबंधित हो सकेगा।
जलभराव कम करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने में मदद
घरों से निकलने वाले पानी का उचित निस्तारण नहीं होने पर आसपास पानी जमा होने की स्थिति बन सकती है। मैजिक पिट के निर्माण से ऐसे पानी के स्थानीय स्तर पर प्रबंधन की व्यवस्था हुई है। इससे सार्वजनिक एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
दो योजनाओं के अभिसरण से तैयार हुई सुविधा
ग्राम पंचायत भकुरमा में मैजिक पिट का निर्माण 60 हजार रुपए की कुल स्वीकृत राशि से किया गया है। इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से 42 हजार रुपए और 15वें वित्त योजना से 18 हजार रुपए का वित्तीय अभिसरण किया गया।
दो योजनाओं के संसाधनों को एक साथ जोड़कर तैयार की गई यह संरचना ग्राम पंचायत में ग्रे-वाटर के बेहतर प्रबंधन का माध्यम बनी है। मैजिक पिट के जरिए घरेलू अपशिष्ट जल का व्यवस्थित निस्तारण गांव को स्वच्छ रखने की दिशा में उपयोगी पहल है।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में खुले खेत में असहाय अवस्था में मिली नवजात बच्ची की खबर सामने आने के बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बच्ची के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से फोन पर चर्चा कर नवजात को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा उसकी सुरक्षित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि इतनी छोटी बच्ची के उपचार और देखभाल में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होनी चाहिए। बच्ची को लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उसकी सुरक्षा और आगे के संरक्षण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
घटना की जानकारी मिलने पर श्री अग्रवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक नवजात बच्ची का इस तरह असहाय अवस्था में मिलना बेहद पीड़ादायक है। इस समय सबसे महत्वपूर्ण उसका जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा है। बच्ची को केवल बेहतर उपचार ही नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण और भविष्य के लिए आवश्यक संरक्षण भी मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्ची के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उसके आगे के संरक्षण और पालन-पोषण से संबंधित प्रक्रिया में भी संबंधित विभाग संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
दरिमा क्षेत्र में खेत के पास मिली नवजात बच्ची को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए पहुंचाया गया था। बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उसके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री अग्रवाल ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि यह नन्ही बच्ची जल्द स्वस्थ हो और उसके जीवन में खुशियों की नई सुबह आए। इस मासूम को उपचार के साथ सुरक्षा, संरक्षण और आगे बढ़ने के लिए सुरक्षित वातावरण मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड सीतापुर के शासकीय प्राथमिक शाला घुरवाबुड़ा में 30 सितंबर को न्योता भोजन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष एवं सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, अभिभावकगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित न्योता भोजन में बच्चों के साथ सामूहिक रूप से भोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यालय एवं समुदाय के बीच सहभागिता बढ़ाने के साथ सामाजिक समरसता और आपसी जुड़ाव को प्रोत्साहित किया गया।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत तराजू में आयोजित स्वच्छता अभियान में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सहभागिता करते हुए स्वयं श्रमदान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों एवं ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब किनारे साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला-मंत्री श्री अग्रवाल
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला है। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजार परिसर, तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की। साथ ही ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
साप्ताहिक बाजार और तालाब किनारे सामूहिक श्रमदान
ग्राम तराजू में आयोजित अभियान के दौरान साप्ताहिक बाजार स्थल एवं तालाब किनारे विशेष रूप से स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। मंत्री श्री अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छताग्राहियों ने सामूहिक श्रमदान किया। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के साथ ग्रामीणों में अपने आसपास के परिवेश को साफ रखने और स्वच्छता व्यवस्था में स्वयं भागीदारी करने का संदेश दिया गया।
आकांक्षी विकासखंड के सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ चली स्वच्छता गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में स्थित शासकीय कार्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छताग्राहियों ने सामूहिक स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से “सेवा मेरा योगदान” की भावना को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता में नियमित भागीदारी तथा अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छताग्राहियों की रही सहभागिता
ग्राम तराजू में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री राकेश अग्रवाल, लुंड्रा श्री राकेश साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू, जनपद सदस्य श्रीमती रजनी पैंकरा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ नगर निगम अम्बिकापुर स्थित मरीन ड्राइव तालाब में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया। स्वच्छता में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर श्री अजीत वसंत, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल तथा नागरिकों सहित स्वच्छता दीदियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
’जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों ने एक साथ संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी’
स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान मरीन ड्राइव तालाब के घाट एवं आसपास के परिसर में सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों के साथ स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अभियान में शामिल सभी सहभागियों ने तालाब घाट और परिसर की सफाई में हाथ बंटाया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य स्वच्छता को केवल शासकीय प्रयासों तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़ना रहा। शहर के सार्वजनिक स्थलों, तालाबों और उनके आसपास के परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य के साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने एक साथ श्रमदान किया।
’जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति किया जागरूक’
अभियान के माध्यम से शहर के प्रमुख सार्वजनिक जलस्रोतों और उनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। मरीन ड्राइव तालाब शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल होने के कारण यहां स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण के प्रति जिम्मेदार और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
तालाब घाट एवं परिसर की साफ-सफाई के साथ नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छता को नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
’सांसद, महापौर और कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों की रही सहभागिता’
मेगा सफाई अभियान में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, अखिलेश सोनी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। कलेक्टर श्री अजीत वसंत, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों तथा नागरिकों ने भी स्वच्छता श्रमदान में सहभागिता की।
अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) अंबिकापुर में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 अक्टूबर 2026 को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव/जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस प्लेसमेंट ड्राइव में Gotion Green Energy Pvt. Ltd. द्वारा तकनीशियन पदों पर भर्ती की जाएगी।
संस्था द्वारा जारी सूचना के अनुसार कंपनी में 300 से अधिक रिक्त पद उपलब्ध हैं, जिन पर पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन/चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। भर्ती के लिए आईटीआई के सभी ट्रेड के फ्रेशर एवं अनुभवी अभ्यर्थी पात्र होंगे।
कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, अंबिकापुर में किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों (रिज्यूमे, मार्कशीट, फोटो, पहचान पत्र)के साथ उपस्थित होकर प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लेने के लिए कहा गया है।
आईटीआई अंबिकापुर के प्राचार्य/नोडल अधिकारी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि Gotion Green Energy Pvt. Ltd. के कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से जिले एवं आसपास के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। संस्था ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।








