
बलरामपुर और बेलकोना में आवेदनों का निराकरण, आवास अनुज्ञा पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित
रायपुर , 03 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बलरामपुर जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप आयोजित शिविर में जनसमस्याओं का निराकरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र, स्वनिधि योजना के हितग्राही को ऋण राशि तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन को सम्मानित किया गया। क्लस्टर ग्राम बेलकोना में आयोजित शिविर में 68 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से छह का मौके पर निराकरण किया गया।
बलरामपुर नगर के शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अभियान के तहत चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। प्राप्त आवेदनों, शिकायतों और मांगों का वर्गीकरण कर तत्काल निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर समाधान किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा और कार्ययोजना निर्धारित की गई। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए भी अलग व्यवस्था की गई। जिले में ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को नजदीकी स्थल पर सेवाएं दी जा रही हैं।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शिविर के प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने किसानों से एग्री स्टैक में पंजीयन कराने तथा नागरिकों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर घरों में सोलर पैनल लगवाने की अपील की। कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को एग्री स्टैक पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों और उसके लाभों की जानकारी दी गई। विद्युत विभाग ने पीएम सूर्य घर योजना के बारे में बताया और नागरिकों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के हितग्राही श्री छोटकू मुंजनी, श्रीमती लजिना बीबी, श्री विजय तिर्की, श्रीमती आलोमनी उरांव, श्री तालिब अंसारी, श्रीमती सरोज देवी, श्री अनवर अंसारी और श्री अमित यादव को भवन अनुज्ञा पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एक हितग्राही को तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए गए। उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ममता तिग्गा, श्रीमती सुशीला एक्का और श्रीमती इमराना खातुन, सहायिका श्रीमती रीता एक्का तथा मितानिन श्रीमती बिरजमनियां को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने श्रीमती सकीना खातुन, श्रीमती सोनम एक्का, श्रीमती गीता और श्रीमती सोनियां की गोदभराई तथा श्रीमती मंजू प्रजापति के शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में चार स्टॉल लगाए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के कार्ड वितरित किए गए। चिकित्सा दल ने टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत टी.बी. से बचाव और उपचार की जानकारी दी। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत शिशुओं की जांच एवं परामर्श तथा बुजुर्गों के लिए देखभाल और परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
सेवा सेतु अभियान-2026 के अंतर्गत क्लस्टर ग्राम बेलकोना में आयोजित शिविर में शिक्षा विभाग ने 18 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने श्रीमती कमलेश्वरी हरिनलेटा, श्रीमती आसमा इमली पारा और ग्राम अमेरा की श्रीमती रिपिका के परिजनों को चंदन वृक्ष के पौधे प्रदान किए। शिविर में मिले 68 आवेदनों में से छह का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 62 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई। इनमें सबसे अधिक 28 आवेदन राजस्व विभाग और 17 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित थे।
बेलकोना शिविर में जनपद पंचायत शंकरगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती चिंतामणि भगत, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा सिंह देव और जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैकरा उपस्थित रहीं। दोनों शिविरों में जनप्रतिनिधियों, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।









