
राजनांदगांव 03 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर समता मंच वृद्धाश्रम राजनांदगांव में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को उनके कानूनी एवं मौलिक अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और कानूनी संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों के संबंध बताया। उन्होंने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम के तहत मिलने वाले अधिकारों, शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा नि:शुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की विधिक सहायता के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से नि:शुल्क सहायता एवं टोल फ्री हेल्पलाइन के संबंध में जानकारी दी गई। न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने आश्रम परिसर एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पैरा लीगल वालंटियर श्री प्रशांत बारसे ने वृद्धजनों को विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाली व्यावहारिक सहायता, संपर्क प्रक्रिया तथा प्रशासनिक सहयोग के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर आश्रम के संचालक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।









