
– व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण के लिए मिली 12 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि*
राजनांदगांव 04 अक्टूबर 2026। स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए घर में शौचालय की सुविधा का होना बेहद महत्वपूर्ण है। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराकर खुले में शौच की प्रथा को समाप्त करने के साथ-साथ महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इसी दिशा में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम भैंसरा की श्रीमती सरस्वती कतलाम के जीवन में घर में बने शौचालय ने सकारात्मक बदलाव लाया है।
श्रीमती सरस्वती कतलाम का परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण पहले उनके घर में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में परिवार के सदस्यों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को अंधेरे में घर से बाहर जाने के दौरान असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण अंतर्गत ग्राम पंचायत भैंसरा में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए पात्र परिवारों का चिन्हांकन एवं सूची तैयार की गई। जिसमें श्रीमती सरस्वती कतलाम का नाम भी शामिल किया गया। पंचायत द्वारा उन्हें व्यक्तिगत शौचालय के महत्व और स्वच्छता के लाभों की जानकारी दी गई। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत उनके घर में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय का निर्माण कराया गया। शौचालय निर्माण एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उन्हें 12 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
श्रीमती सरस्वती कतलाम ने बताया कि घर में शौचालय बनने से परिवार को खुले में शौच की मजबूरी से मुक्ति मिली है। विशेषकर महिलाओं के लिए यह सुविधा सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण राहत बनी है। घर में स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध होने से परिवार के सदस्यों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पहले शौचालय नहीं होने के कारण उन्हें जंगल की ओर जाना पड़ता था और इस दौरान उन्हें डर भी लगता था। अब घर में ही शौचालय की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत और खुशी महसूस होती है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया को धन्यवाद ज्ञापित किया।









