
*सेवा संकल्प अभियान*
*- महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने नशामुक्ति का दिया संदेश*
*- ग्रामीणों को किया गया जागरूक*
राजनांदगांव 09 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के ग्राम रामपुर में नमो सेवा अनकही कहानियां के तहत नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम रामपुर के सरपंच श्री यतीश सिन्हा ने कहा कि यह अभियान समाज एवं समुदाय के प्रति सेवा भावना को प्रोत्साहित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को अभियान की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक में सहभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत डोंगरगांव के उपाध्यक्ष श्री मनीष साहू, श्री भुवन साहू, ग्राम रामपुर के उपसरपंच श्री भारत लाल साहू, पंच श्रीमती लता साहू, श्री रोशन साहू, श्री हरिचंद नेताम, समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।








