
राजनांदगांव 10 अक्टूबर 2026। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एसओपी अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों के वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में मोबाईल कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। मोबाईल कैम्प के माध्यम से श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा पात्र आवेदक को योजनाओं से लाभान्वित करने आवेदन प्राप्त किए जा रहे है। इसी क्रम में डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम खुज्जी, आसरा, खुर्शीपार, सांगीनकछार, आरी एवं अर्जुनी, डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मेंढा, पुरैना, पिनकापार एवं लालबहादुर नगर, छुरिया विकासखंड के ग्राम शिकारीमहका, झिथराटोला एवं पुरार्मटोला, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मुढीपार, मनगटा, लिटिया एवं सुकुलदैहान तथा नगरीय निकाय राजनांदगांव के चिखली वार्ड, शंकरपुर वार्ड एवं लखोली वार्ड में मोबाईल कैम्प एवं ई-केवायसी शिविर का आयोजन किया गया। इन मोबाईल कैम्प एवं ई-केवायसी शिविर में 1185 श्रमिक उपस्थित हुए। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों का 618 श्रमिकों का ई-केवाईसी सत्यापन किया गया। शिविर में श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई एवं ब्रोसर का वितरण किया गया। सहायक श्रमायुक्त ने श्रमिकों से जिले में आयोजित मोबाईल कैम्पों में शामिल होकर नवीन श्रमिक पंजीयन एवं श्रमिक पंजीयन नवीनीकरण कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। मोबाईल कैम्पों में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।









