
*सेवा संकल्प अभियान*
*- स्वास्थ्य जांच कर दी गई दी गई स्वास्थ्य सलाह तथा किया गया औषधियों का वितरण*
राजनांदगांव 10 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला आयुष विभाग द्वारा सेवा मेरा योगदान के तहत डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम रायतापायली (अर्जुनी) एवं छुरिया विकासखंड के ग्राम गहिराभेड़ी में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधियों का लाभ प्रदान किया गया। शिविरों में नागरिकों का रक्तचाप एवं रक्त शर्करा परीक्षण किया गया। जांच के आधार पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने के साथ ही जरूरतमंदों को औषधियां वितरित की गई। चिकित्सकों ने नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा समय पर जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी।
शिविर में महिला विशेषज्ञ चिकित्सक, शल्य चिकित्सक, नेत्र रोग चिकित्सक सहित आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं योग चिकित्सा के विशेषज्ञ उपस्थित रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रदान किया। विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों की उपस्थिति से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने, संतुलित आहार लेने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहकर बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में नागरिकों को आयुर्वेदिक काढ़े का वितरण किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।









