
अम्बिकापुर 14 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा द्वारा आज शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अम्बिकापुर में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों तथा महाविद्यालय के अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य नवाचार में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों एवं युवाओं को नए विचारों, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता की भावना के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को उपयुक्त मंच प्रदान करना है। विद्यार्थियों को चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने, ऑनलाइन आवेदन करने तथा महाविद्यालय स्तर पर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान, छूट एवं रियायतों तथा स्टार्टअप से संबंधित प्रावधानों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से इच्छुक युवा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और अपने नवाचारी विचारों को व्यावसायिक रूप दे सकते हैं।
प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.डी. प्रसाद की उपस्थिति में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला, सहायक प्रबंधक श्री सूर्योदय कुमार साहू एवं सहायक प्रबंधक श्री संदीप पन्ना ने विद्यार्थियों को विभिन्न योजनाओं, उनके लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अम्बिकापुर के प्राचार्य श्री आर.जे. पाण्डेय एवं व्याख्याता श्री संदीप सरवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने तथा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
अम्बिकापुर 14 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के *SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के अंतर्गत आज होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर के असेंबली हॉल में मतदाता जागरूकता अभियान के संकल्प को लेकर चित्रकला / पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या आदरणीय डॉ. सिस्टर शांता जोसेफ के मार्गदर्शन में तथा SVEEP नोडल अधिकारी डॉ. तृप्ति पांडेय के सफल संचालन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा “मेरा वोट – मेरा अधिकार” के संकल्प को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना था। छात्राओं ने “लोकतंत्र की मजबूती में एक-एक वोट का महत्व”, “निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान” जैसे विषयों पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाईं।
इस अवसर पर डॉ. तृप्ति पांडेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाओं का सक्रिय सहयोग रहा तथा छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अम्बिकापुर 14 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में जिले में 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से विभिन्न स्तरों पर मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के तहत निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए प्रत्येक बुधवार एवं गुरुवार को मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिले के शैक्षणिक संस्थानों में प्रत्येक शुक्रवार एवं शनिवार को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, होली क्रॉस महिला महाविद्यालय, अम्बिकापुर तथा विकासखंड लखनपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में मतदाता जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न आकृतियों में मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।
मतदाता जागरूकता गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ ग्रामीण मतदाताओं ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, मतदाता विवरण की जानकारी प्राप्त करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं का मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करना, मतदाता सूची को अद्यतन करने में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जनजागरूकता विकसित करना है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवा एवं नवीन मतदाताओं को मताधिकार के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अम्बिकापुर 14 अक्टूबर 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत सरगुजा के तत्वावधान में मंगलवार को विकासखंड लखनपुर के अर्गोती स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, आपदा के समय सतर्कता बरतने तथा स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय टीम के सदस्यों द्वारा छात्र-छात्राओं को आगजनी सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों, सुरक्षा संबंधी सावधानियों तथा संकट के समय उचित निर्णय लेने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। इस दौरान आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ, सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम से विद्यार्थियों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त हुई। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में श्री अरुण टोप्पो, श्री आकाश किशपोट्टा एवं श्री नीरज चौहान, आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग से श्री अंजनी तिवारी, श्री चंद्र प्रताप सिंह एवं श्री राजू गोस्वामी, विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम राठिया, विद्यालय के अन्य समस्त शिक्षकगण, विद्यालय के स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साथ ही समीपवर्ती प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।









