
मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में पहली सीसीटीवी फुटेज और दो संदिग्ध हमलावरों की तस्वीर सामने आई है. रविवार शाम जुहू में टाइगर की कार पर 5 राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिसके बाद अब पुलिस के हाथ यह पहला बड़ा सुराग लगा है. सामने आई तस्वीरों में दो लड़के पार्क के बाहर चुपचाप खड़े होकर एक्टर के आने का इंतजार करते दिख रहे हैं. आखिर इस फुटेज में क्या-क्या दिख रहा है, आइए बताते हैं.
सामने आई सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध (जिन पर शक है) साफ तौर पर नजर आ रहे हैं. एक संदिग्ध ने सिर पर काली कैप लगाई हुई है और हल्के रंग की चेक शर्ट पहनी है, जबकि दूसरा उसके ठीक बगल में खड़ा दिखाई दे रहा है.
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फुटेज से ऐसा लगता है कि आरोपियों ने पहले एक्टर का पीछा किया और फिर पार्क के गेट के बाहर उनके बाहर आने का इंतजार करते रहे. आम लोगों की तरह आने-जाने के बजाय इनका लगातार वहां संदिग्ध हालत में खड़े रहना ही पुलिस के बड़े शक की वजह बना है.
सामने आए पहले सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि घटना वाले दिन पार्क के बाहर सड़क पर काफी भीड़भाड़ थी. वीडियो में लाल बत्ती वाली कार के पास लोग खड़े नजर आ रहे हैं और अचानक हुई इस गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है. पुलिस इसी फुटेज और आसपास की रिकॉर्डिंग के जरिए हमलावरों के भागने के एक-एक पल की कड़ियां जोड़ रही है.
क्या पहले से रखी जा रही थी टाइगर के आने-जाने पर नजर?
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की ही रिपोर्ट के अनुसार, मामले की जांच कर रही पुलिस को शक है कि हमलावरों को के रूटीन की पूरी जानकारी थी. पुलिस का मानना है कि उन्हें पहले से पता था कि टाइगर हर रविवार को जुहू के पुष्पा नारसी पार्क में करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने आते हैं.
जांच अधिकारियों के मुताबिक, ऐसा लगता है कि हमलावरों ने पहले पार्क और आसपास के इलाके में टाइगर के आने-जाने के समय पर पूरी नजर रखी और जासूसी की थी. इसके बाद वे गेट के ठीक बाहर चुपचाप खड़े होकर उनके बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे. जैसे ही टाइगर अपनी कार में बैठे, उन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया गया.
अंधेरी स्टेशन के पास बाइक छोड़कर फरार हुए आरोपी
हमलावरों ने टाइगर की कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ 5 राउंड गोलियां चलाई थीं. इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लग गई और पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया.
गोलीबारी करने के बाद आरोपी बाइक से एसवी रोड की तरफ भागे. रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने अंधेरी (वेस्ट) रेलवे स्टेशन के बाहर अपनी बाइक लावारिस छोड़ दी. पुलिस को शक है कि वे वहां से लोकल या लंबी दूरी की ट्रेन पकड़कर शहर से बाहर निकल गए.
बिश्नोई गैंग से जुड़ा हो सकता है कनेक्शन
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या हमलावरों का कोई लिंक उत्तर भारत या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है. दरअसल घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें खुद को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले अनिल पंडित नाम के शख्स ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
पोस्ट में कहा गया कि यह हमला उनकी तरफ से करवाया गया था. हालांकि मुंबई पुलिस ने इस सोशल मीडिया पोस्ट और दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और साइबर सेल इसकी तकनीकी जांच कर रही है.
वहीं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घटना से पहले टाइगर श्रॉफ की तरफ से किसी भी तरह की धमकी भरी कॉल मिलने की कोई शिकायत दर्ज नहीं थी.









