
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई
धमतरी, 21 अक्टूबर 2026। त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला धमतरी द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मिठाई निर्माण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने तथा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने पर रमन स्वीट्स मिठाई कारखाने का एफ.एस.एस.ए.आई. लाइसेंस एक दिन के लिए निलंबित किया गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ श्री दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री फनेश्वर पिथौरा द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को रमन स्वीट्स मिठाई कारखाने का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कारखाने में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जाना पाया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक (अनुज्ञापन और रजिस्ट्रीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 में निर्धारित स्वच्छता संबंधी प्रावधानों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं का अनुपालन नहीं पाया गया।
निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा कारखाने का लाइसेंस एक दिन के लिए निलंबित करने की अनुशंसा की गई। इसके पश्चात अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला धमतरी द्वारा रमन स्वीट्स मिठाई कारखाने का एफ.एस.एस.ए.आई. लाइसेंस दिनांक 22 अक्टूबर 2026 के लिए एक दिन की अवधि हेतु निलंबित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के दौरान निर्धारित स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। खाद्य निर्माण परिसर की नियमित सफाई, स्वच्छ उपकरणों का उपयोग, सुरक्षित कच्चे माल का चयन तथा खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। नागरिक भी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें तथा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।









