Ro no D15139/23

(अम्बिकापुर समाचार)बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण, 11 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा

 
239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से 2.20 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण पूर्ण, 5 नवीन पुल-पुलियों का भी हुआ निर्माण
सड़क निर्माण से विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच होगी सुगम, किसानों को कृषि उपज के परिवहन में मिलेगी सहूलियत

अम्बिकापुर 22 अक्टूबर 2026/   सरगुजा जिले में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बबौली से बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कुल 2.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन से आसपास के 11 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच सुगम होने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

239.82 लाख रुपये की स्वीकृति से सड़क निर्माण, 5 नवीन पुल-पुलियां भी बनीं
लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया। इसके अंतर्गत 2.20 किलोमीटर लंबाई में 3.75 मीटर चैड़ी सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही मार्ग पर 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है, जिससे मार्ग पर आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

11 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
बबौली-बिलमा मार्ग के डामरीकरण से ग्राम जोरी, अम्बी, कर्री, पड़ौली, चेंगोरी, कुदर, चन्देश्वरपुर, बबौली, बिलमा, रघुपुर एवं देवसरा सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।

किसानों को कृषि उपज के परिवहन में मिलेगी सुविधा
बबौली-बिलमा मार्ग से जुड़े गांव कृषि उत्पादन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। क्षेत्र में सड़क सुविधा बेहतर होने से किसानों को अपनी कृषि उपज स्थानीय बाजारों एवं मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। कृषि सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का परिवहन भी सुगम होगा। इससे किसानों के समय एवं परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आने के साथ ग्रामीण व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूर्ण होने से क्षेत्र की सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिली है। वहीं ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।

 
 
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद गौतम राजवाड़े को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अम्बिकापुर 22 अक्टूबर 2026/   शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लटोरी में 21 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वीर शहीद गौतम राजवाड़े की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस विभाग, विद्यालय परिवार, शहीद के परिजनों एवं ग्रामीणों ने शहीद को नमन कर उनके बलिदान को याद किया।
शहीद गौतम राजवाड़े का जन्म 4 फरवरी 1991 को हुआ था। वे सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम तराजू के निवासी थे। विद्यालय से शिक्षा पूर्ण करने के बाद वे छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) में बस्तर संभाग के जगदलपुर में पदस्थ थे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सेवा देते हुए 19 फरवरी 2015 को नक्सली मुठभेड़ में उन्होंने देश की रक्षा के लिए बलिदान दिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी पैकरा, पूर्व एसएमसी अध्यक्ष श्री जगरोपन यादव, वर्तमान एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती आरती साहू, थाना लखनपुर के सहायक उपनिरीक्षक श्री मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक श्री छत्रपाल सिंह तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक श्री हुसेन्द्र राजवाड़े सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने शहीद के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता श्री उदय कुमार दुबे ने किया। संस्था के प्राचार्य श्री बी.एन. प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद गौतम राजवाड़े के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

 
जनवरी 2027 की विभागीय परीक्षा के लिए कर्मचारियों की सूची भेजने की अन्तिम तिथि 28 दिसंबर

अम्बिकापुर 22 अक्टूबर 2026/   सरगुजा संभाग में जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली विभागीय परीक्षा के संबंध में सूचना एवं कार्यक्रम जारी किया गया है। आयुक्त, सरगुजा संभाग कार्यालय अम्बिकापुर ने संभाग के सभी संबंधित जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी कर अपने-अपने जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि विभागीय परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची 28 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी। परीक्षार्थियों को कार्यालय में सीधे आवेदन प्रस्तुत करने के बजाए निर्धारित उचित माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया  गया है।

  • Related Posts

    कमार जनजाति के लिए आजीविका और रोजगार के नए अवसर विकसित करेगा डुगली का व्यावसायिक परिसर ,कलेक्टर मिश्रा ने किया निरीक्षण 

    विशेष पिछड़ी जनजाति के समग्र विकास पर जोर,   धमतरी, 22 अक्टूबर 2026। विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करने और…

    Read more

    पीडब्ल्यूडी सचिव ने सड़कों, पुलों, कॉलेज भवन और विश्राम गृह का किया निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई नाराजगी

    सड़क की चौड़ाई, जीएसबी की मोटाई और लेवल की जांच कर मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश*   रायपुर. 22 अक्टूबर 2026. लोक निर्माण विभाग के सचिव…

    Read more

    NATIONAL

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    ‘रिजीम चेंज’ की बहस: लोकतांत्रिक असहमति या सत्ता-विरोधी साजिश?

    ‘रिजीम चेंज’ की बहस: लोकतांत्रिक असहमति या सत्ता-विरोधी साजिश?