Ro no D15139/23

(कोरबा समाचार) जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण 26 से दो बैचों में होगा प्रशिक्षण; चार्ज अधिकारी और संबंधित कर्मचारी होंगे शामिल

 कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के कार्यों के लिए चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण 26 से 29 अक्टूबर तक दो बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार, कोरबा में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा।

पहले बैच का प्रशिक्षण 26 और 27 अक्टूबर को होगा। इसमें जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक तथा ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक चार्ज से एक तकनीकी सहायक शामिल होंगे।
दूसरे बैच का प्रशिक्षण 28 और 29 अक्टूबर को निर्धारित है। इसमें नगर पालिक निगम कोरबा के नगर जनगणना अधिकारी, जोन कमिश्नर एवं चार्ज अधिकारी, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक चार्ज से एक जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक भाग लेंगे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, जिला कोरबा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होने कहा गया है।

 
समान नागरिक संहिता पर संभाग स्तरीय परामर्श बैठक 28 अक्टूबर को बिलासपुर में

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और इसका प्रारूप तैयार करने के संबंध में 28 अक्टूबर को दोपहर 12.30 बजे से देवकी नंदन दीक्षित सभागृह लाल बहादुर शास्त्री स्कूल बिलासपुर में संभाग स्तरीय समूह चर्चा एवं परामर्श बैठक आयोजित की गई है। राज्य शासन द्वारा गठित समान नागरिक संहिता उच्च स्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में विभिन्न संगठनों और समाज के प्रतिनिधियों से विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे।
बैठक में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संगठनों के प्रमुखों के साथ शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों तथा निगम, मंडल एवं आयोगों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन ने 25 जून 2026 की अधिसूचना द्वारा सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति  रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में समान नागरिक संहिता उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी श्री शत्रुघ्न सिंह एवं श्री एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मोहन पवार तथा सेवानिवृत्त प्राचार्य श्रीमती ज्योति रानी सिंह सदस्य हैं।
समिति छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने के संबंध में वर्तमान विधिक स्थिति का अध्ययन करेगी। विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और दत्तक ग्रहण से संबंधित विषयों पर सुझाव देना भी समिति के दायित्वों में शामिल है। इसके लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विधि विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों से विचार एवं सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। समिति अन्य राज्यों में प्रचलित समान नागरिक संहिता संबंधी व्यवस्थाओं का भी अध्ययन करेगी। प्राप्त सुझावों और अध्ययन के आधार पर समान नागरिक संहिता का प्रारूप तैयार कर राज्य शासन को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही आवश्यक विधायी एवं प्रशासनिक अनुशंसाएं भी दी जाएंगी।
 

निर्यात कार्यशाला में उद्यमियों को दी गई निर्यात प्रक्रियाओं और अवसरों की जानकारी


कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/
जिले के उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को निर्यात की प्रक्रियाओं, उपलब्ध अवसरों तथा उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, कोरबा में निर्यात कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का आयोजन आरएएमपी योजना के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा द्वारा कृषि विकास सहकारी समिति लिमिटेड के माध्यम से किया गया। इसमें जिले के लगभग 30 उद्योगपति एवं उद्यमी शामिल हुए।
कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को निर्यात गतिविधियों से जुड़ने और अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार तलाशने के प्रति प्रोत्साहित किया गया। जिले में निर्यात संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल की गई।

 
राज्योत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा नोडल अधिकारी नियुक्त

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 2 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय विभिन्न कार्यक्रमों एवं राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित, सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
नोडल अधिकारी के रूप में आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा राज्योत्सव के आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं के समन्वय एवं कार्यक्रमों के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
 

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
दावा-आपत्ति 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक; अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को


कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
नागरिक प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचें। नाम जुड़वाने, दर्ज नाम पर दावा-आपत्ति करने, विवरण में सुधार या निवास स्थान परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन मतदाता सेवा पोर्टल या ईसीआईनेट ऐप के जरिए भी किए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन करें और आवश्यक आवेदन समय पर प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
 

राज्योत्सव की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां


कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/ 
राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित घंटाघर चौक, कोरबा में आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। राज्योत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कलाकारों के चयन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत-सत्कार तथा स्थानीय कलाकारों एवं अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल, बैनर, पोस्टर और प्रदर्शनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की स्वच्छता, सुरक्षा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित प्रत्येक आवश्यक सुविधा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 नवंबर की रात्रि में जिले के सभी शासकीय भवनों को रोशनी से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को व्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 
राज्योत्सव पर 1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन
2 नवंबर को जिला मुख्यालय में होगा एक दिवसीय कार्यक्रम; ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगी मुख्य थीम


कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 2 नवंबर को एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आयोजन की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गरिमापूर्ण होंगी और कार्यक्रम के दौरान मितव्ययिता का ध्यान रखा जाएगा। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रम में लाभान्वित किया जाएगा।
राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर से 3 नवंबर तक जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। भवनों को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम के अनुरूप सजाया जाएगा। निजी संस्थानों से भी अपने भवनों में रोशनी करने का आग्रह किया गया है। इस व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।
 

राज्योत्सव का आयोजन 2 नवंबर को घंटाघर चौक स्थित ओपन ऑडिटोरियम में
तैयारियों के संबंध में 27 अक्टूबर को कलेक्टोरेट के नवीन सभाकक्ष में होगी बैठक

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 2 नवंबर 2026 को एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कोरबा के घंटाघर चौक स्थित ओपन ऑडिटोरियम में होगा।
राज्योत्सव के आयोजन की तैयारियों के संबंध में 27 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय के नवीन सभाकक्ष में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक टीएल बैठक के उपरांत होगी। कलेक्टर कार्यालय ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्धारित तिथि और समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 
राज्योत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकार कर सकते हैं आवेदन
पंजीयन के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं जमा

कोरबा 23 अक्टूबर 2026/जिले में दो नवंबर को एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम में जिले के सांस्कृतिक दल एवं कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम कोरबा के घंटाघर चौक स्थित ओपन ऑडिटोरियम में होगा। इसके लिए जिले के सांस्कृतिक दलों एवं कलाकारों का पंजीयन किया जाएगा। पंजीयन के लिए जिले के कलाकारो एवं सांस्कृतिक दलों से आवेदन मंगाए गए हैं।
राज्योत्सव-2026 में कोरबा जिले के प्रतिष्ठित/ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक कलाकार जो देषभक्ति, छत्तीसगढ़ी गीत, लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, शास्त्रीय संगीत एवं गायन के अंतर्गत अपनी प्रस्तुति देना चाहते हों वे सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कोरबा में प्रविष्टि भर कर आवष्यक दस्तावेजे सीडी, पेनड्राइव गूगल फॉम में अपलोड/वेबसाईट लिंक (यूट्यूब लिंक इत्यादि) सहित 30 क्टूबर को षाम 04 बजे तक जमा कर सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए संपर्क नंबर विष्णु देवांगन 8085849448 से या विभाग के अधिकारी 7869096888 पर संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना
कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, यात्रियों को दी शुभकामनाएं

कोरबा 23 अक्टूबर 2026/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के लगभग 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी मंदिर, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।

बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही योजना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिलता था। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस जनकल्याणकारी योजना को फिर से शुरू किया है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सफाई कर्मियों के पैर धोकर उनका सम्मान करते हैं। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान कर उनका सम्मान और अभिनंदन कर रहे हैं। यह योजना बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज इस योजना के तहत पहली ट्रेन कोरबा जिले से रवाना की जा रही है, जो सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आस्था का सम्मान करने और उनके तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

तीर्थ यात्रा बुजुर्गों के लिए सपने से कम नहीं – महापौर

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि तीर्थ यात्रा करना हर बुजुर्ग का सपना होता है, लेकिन आर्थिक और अन्य साधनों की कमी के कारण कई बार वे अपनी यह इच्छा पूरी नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही है। यह उनके लिए आनंद और सम्मान का अवसर है।

इस अवसर पर श्री प्रेम कुमार साहू, श्री फिरत राम साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री पवन वर्मा, श्री प्रफुल्ल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की विशेष पहल पर ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, 6.60 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत

    18 विद्यालयों में बनेंगे 36 अतिरिक्त कक्ष, 17 आंगनबाड़ी भवनों और 17 राशन दुकानों के लिए भी स्वीकृति*   *13 मुक्तिधामों में शेड एवं प्रतीक्षालय और दो नवीन पंचायत भवनों…

    Read more

    एनसीबी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने 11 मेडिकल स्टोर्स का किया निरीक्षण

    चार मेडिकल स्टोर्स में अभिलेखों के संधारण में अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी रायपुर, 23 अक्टूबर 2026/ स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर…

    Read more

    NATIONAL

    बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों के 22 शहर में पेट्रोल-डीजल निकालने वाले तेल रिफाइनरी प्लांट, अमेरिका को जामनगर ही क्यों भाया?

    बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों के 22 शहर में पेट्रोल-डीजल निकालने वाले तेल रिफाइनरी प्लांट, अमेरिका को जामनगर ही क्यों भाया?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी