Ro no D15139/23

(अम्बिकापुर समाचार )सांसद चिंतामणि महाराज ने सभी खिलाड़ियों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का किया आह्वान

 
सांसद  महाराज ने बॉस्केट में बॉल डालकर किया 26 वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
04 दिवसीय स्पर्धा में पांच संभागों के 595 खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में ले रहे हिस्सा
फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

अम्बिकापुर 23 अक्टूबर 2026/   सरगुजा संभाग के मुख्यालय अम्बिकापुर में आज से 4 दिवसीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। राज्य स्तरीय स्पर्धा का आयोजन सरगुजा अंचल वासियों के लिए गौरव का क्षण है। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) ग्राउंड, अंबिकापुर में 26वीं चार दिवसीय राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ सांसद सरगुजा श्री चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। खेल का शुभारंभ सांसद श्री महाराज द्वारा बास्केट में बाल डालकर किया गया। इस प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

इस अवसर पर सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने, निरंतर अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। खेलों के जरिए राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है। सांसद ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।
साथ ही सांसद श्री महाराज ने कहा कि राज्य के सभी संभाग  के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर रहे सभी 215 छात्र एवं 245 छात्राओ को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सभी को अपना बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हार जीत तो जीवन का अभिन्न हिस्सा है। बेहतर खिलाड़ी वही है जो अच्छे खेल भावना के साथ अपना बेहतर प्रदर्शन करता है।

चार खेलों की विभिन्न वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं
चार दिवसीय इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की प्रतियोगिताएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल प्रतियोगिता, 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल प्रतियोगिता तथा 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस खेल कार्यक्रम में 215 छात्र और 245 छात्राएं शामिल हो रही हैं।

इस आयोजन में विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी खेल क्षमता निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और भविष्य की बड़ी खेल स्पर्धाओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिल रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया।

महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए अपने शहर और गांवो को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर और आसपास के क्षेत्रों से होती है। विद्यार्थियों को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा निखारने, खेल संस्कृति को समृद्ध बनाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने सरगुजा पहुंचे सभी संभागों के खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की और उन्हें सभी सुविधाएं प्रदान करने की बात कही।

कार्यक्रम में मेजर अनिल सिंह जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
अम्बिकापुर 23 अक्टूबर 2026/  भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 की स्थिति में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 एवं मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में 22 अक्टूबर को बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर सरगुजा के मार्गदर्शन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार देवांगन ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
बैठक में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर 2026 को मतदान केन्द्रों का प्रकाशन, 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

 
सरगुजा से प्रदेशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान रबी 2026’ का शुभारंभ
संचालक कृषि श्री राहुल देव ने किया अभियान का शुभारंभ, किसानों को वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रसार और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत किसानों को सरसों बीज का वितरण, खरीफ अभियान की गतिविधियों पर आधारित संकलन का विमोचन

अम्बिकापुर 23 अक्टूबर 2026/  छत्तीसगढ़ में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान रबी 2026’ का शुभारंभ सरगुजा जिले से किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के प्रांगण में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संचालक कृषि श्री राहुल देव ने अभियान का शुभारंभ किया। सरगुजा से प्रारंभ हुए इस राज्यव्यापी अभियान के माध्यम से रबी सीजन में किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालक कृषि श्री राहुल देव ने कहा कि खेती को लाभकारी, उत्पादक एवं टिकाऊ बनाने के लिए वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को किसानों के खेतों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्देश्य केवल किसानों को कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्नत तकनीकों का खेतों में व्यवहारिक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करना है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वैज्ञानिक तकनीकों एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी खेती को बेहतर बना सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए केंद्र द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं तकनीकी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा कृषक प्रक्षेत्रों में उन्नत कृषि तकनीकों के प्रदर्शन, वैज्ञानिक मार्गदर्शन एवं कृषि नवाचारों के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान खरीफ 2026 में सरगुजा जिले के सभी विकासखंडों में संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ की गतिविधियों पर आधारित छायाचित्रों एवं किसानों की प्रतिक्रियाओं के संकलन का विमोचन किया गया। इस संकलन में अभियान के अंतर्गत कृषक प्रक्षेत्रों में आयोजित गतिविधियों तथा किसानों के अनुभवों को समाहित किया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन के अंतर्गत किसानों को सरसों बीज का वितरण भी किया गया। इस पहल से रबी सीजन में तिलहनी फसलों की खेती एवं फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वैज्ञानिकों ने विभिन्न कृषि विषयों पर किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया। वैज्ञानिकों ने उन्नत एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के संबंध में जानकारी देते हुए किसानों को खेती में नई तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान किसानों द्वारा कृषि से संबंधित पूछे गए प्रश्नों एवं समस्याओं का समाधान भी किया गया। तकनीकी सत्र में किसानों को वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपनी कृषि संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के पश्चात संचालक कृषि श्री राहुल देव ने कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के प्रक्षेत्र में संचालित विभिन्न प्रदर्शन एवं उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने मशरूम उत्पादन इकाई, पशुपालन इकाई, बायोफ्लॉक इकाई एवं प्राकृतिक खेती इकाई सहित अन्य इकाइयों का भ्रमण कर केंद्र द्वारा संचालित गतिविधियों एवं कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ने तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संचालक अनुसंधान डॉ. विवेक त्रिपाठी, संचालक विस्तार डॉ. एस. एस. टुटेजा, संचालक प्रक्षेत्र डॉ. एन. के. रस्तोगी, समेती रायपुर के निदेशक श्री बी. के. बिजनौरिया, संयुक्त संचालक कृषि श्री मनोज कुमार चौहान, श्री आर. एल. धुरंधर एवं श्री पी. एस. दीवान सहित कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिक श्री पी. आर. पैंकरा ने आभार व्यक्त किया।

  • Related Posts

    राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की विशेष पहल पर ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, 6.60 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत

    18 विद्यालयों में बनेंगे 36 अतिरिक्त कक्ष, 17 आंगनबाड़ी भवनों और 17 राशन दुकानों के लिए भी स्वीकृति*   *13 मुक्तिधामों में शेड एवं प्रतीक्षालय और दो नवीन पंचायत भवनों…

    Read more

    एनसीबी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने 11 मेडिकल स्टोर्स का किया निरीक्षण

    चार मेडिकल स्टोर्स में अभिलेखों के संधारण में अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी रायपुर, 23 अक्टूबर 2026/ स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर…

    Read more

    NATIONAL

    बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों के 22 शहर में पेट्रोल-डीजल निकालने वाले तेल रिफाइनरी प्लांट, अमेरिका को जामनगर ही क्यों भाया?

    बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों के 22 शहर में पेट्रोल-डीजल निकालने वाले तेल रिफाइनरी प्लांट, अमेरिका को जामनगर ही क्यों भाया?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी