
जशपुरनगर 28 अक्टूबर 2026/ समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ समाज कल्याण परिसर, माना कैम्प, रायपुर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2026 हेतु आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक आमंत्रित किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 03 दिसम्बर को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों में दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
निर्देशानुसार जनपद पंचायत क्षेत्रांतर्गत उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्थाओं, नियोक्ताओं की पहचान कर उनके आवेदन निर्धारित प्रपत्र में प्राप्त किए जाने हैं। प्रत्येक पुरस्कार श्रेणी के लिए केवल पात्र एवं उत्कृष्ट अभ्यर्थियों के आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से समाज कल्याण, जशपुर में उपलब्ध कराना होगा, ताकि निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रस्ताव के साथ आवेदन-पत्र, पासपोर्ट आकार का नवीनतम छायाचित्र, पहचान एवं पते का प्रमाण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण-दस्तावेज, संस्था या नियोजक का पंजीयन प्रमाण पत्र, कार्य का संक्षिप्त विवरण तथा अन्य आवश्यक अभिलेख संलग्न किया जा सके। अपूर्ण, अस्पष्ट अथवा बिना प्रमाणित दस्तावेजों के प्राप्त प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जावेगा। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाना संभव नहीं होगा।









