Ro no D15139/23

{ रायपुर समाचार } मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देश पर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से निपटने रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट

संभावित भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियां शुरू, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
गांव-गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक, आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील
नियंत्रण कक्ष स्थापित, आमजन दूरभाष नंबर 0771-2413233 पर आवश्यक सहायता अथवा संबंधित जानकारी ले सकते हैं

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए रायपुर जिले में  एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं एवं अन्य विपरीत मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है। जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली एवं जलभराव जैसी परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियां बरतने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।

संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

जिला प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों एवं जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों एवं विद्युत लाइनों से संभावित जोखिम को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान एवं चेतावनियों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों और आम नागरिकों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए संभावित परिस्थितियों की सतत निगरानी एवं विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन की अपील, अफवाहों से बचें, सतर्क रहें

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए सतर्कता बरतें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए आमजन की सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है। नागरिक किसी भी आवश्यक सहायता अथवा संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश में जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि संभावित आपदा की स्थिति में जनजीवन को सुरक्षित रखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।

 
माना बस्ती के तालाब बनेंगे पक्षी विहार, प्रवासी पक्षियों को मिलेगा सुरक्षित प्राकृतिक आवास
धरसींवा जनपद सीईओ ने विद्यालय, पंचायत भवन एवं तालाबों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
बालिका शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रायपुर, 29 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष केशरवानी ने ग्राम पंचायत माना बस्ती पहुंचकर शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन एवं तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पंचायत की व्यवस्थाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निर्माणाधीन बालिका शौचालय की धीमी प्रगति पर जनपद सीईओ श्री केशरवानी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

विद्यालय परिसर में विकसित पोषण वाटिका का अवलोकन करते हुए जनपद सीईओ ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने से बच्चों को हरी सब्जियों, पौष्टिक आहार एवं संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही बच्चों में पौधों के प्रति लगाव और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने इस पहल को बच्चों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।

निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत माना बस्ती के तालाबों का भी जायजा लिया। क्षेत्र के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए उन्होंने इन तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए पंचायत को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इससे प्रवासी पक्षियों का आगमन क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक वातावरण का परिचायक है। तालाबों का संरक्षण, साफ-सफाई एवं संवर्धन कर इन्हें पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे जहां प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा, वहीं ग्रामीणों में पक्षी संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

जनपद सीईओ ने पंचायत की आय एवं राजस्व व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंचायत के निर्धारित करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत की स्वयं की आय बढ़ने से गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर कर वसूली की नियमित समीक्षा करने तथा राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान करारोपण अधिकारी श्री गजेश यदु, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव श्रीमती लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने की सौजन्य मुलाकात
राज्योत्सव में आसमान पर दिखेगा भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा
2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होगा भव्य एयर शो, सुबह 11 बजे से पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
मुख्यमंत्री श्री साय ने सारंग टीम का किया आत्मीय स्वागत, कहा – युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संकल्प मजबूत करेगा यह आयोजन
दो महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को देगी ऊंचे सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा
स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से प्रदर्शित होगी भारत की बढ़ती तकनीकी सामर्थ्य और विमानन क्षेत्र की उत्कृष्टता

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री साय को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत करते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव की बात है। भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचायक है। यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा और विमानन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सारंग टीम का प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का भी परिचय कराएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने की भावना को और मजबूत करेगा।

2 नवंबर को सेंध लेक के आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।

एयर शो के दौरान दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की विभिन्न आकर्षक संरचनाएं, समन्वित उड़ानें और रोमांचकारी हवाई गतिविधियां देखने का अवसर मिलेगा। अत्यंत नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन सारंग टीम की विशेष पहचान है। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट कार्यकुशलता और आधुनिक विमानन तकनीक से परिचित होने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यह आयोजन विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जानने तथा अपने भविष्य के लिए प्रेरणा प्राप्त करने का माध्यम बनेगा।

ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टर करेंगे हवाई प्रदर्शन

सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं। टीम के सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में सहभागिता का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना सारंग टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि सारंग टीम देश-विदेश में अपने हवाई प्रदर्शनों के माध्यम से भारतीय वायु सेना के कौशल, अनुशासन और उत्कृष्टता का परिचय देती रही है।

ग्रुप कैप्टन श्री कुमार ने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल दर्शकों को रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं है, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। भारतीय वायु सेना में युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने तथा देश की सेवा करने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों की उड़ान के लिए पूरा आसमान संभावनाओं से भरा हुआ है। आवश्यकता केवल अपने सपनों पर विश्वास करने, दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने की है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य कितना भी ऊंचा क्यों न हो, समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम से उसे प्राप्त किया जा सकता है।

ग्रुप कैप्टन श्री कुमार ने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से इस प्रकार के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमें हैं, जिनमें भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। सारंग टीम की विशेषता यह है कि इसके पांच हेलीकॉप्टर अत्यंत सटीक समन्वय के साथ सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं। इस प्रकार के प्रदर्शन के लिए पायलटों के बीच असाधारण तालमेल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता आवश्यक होती है।

स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से प्रदर्शित होगी भारत की तकनीकी उत्कृष्टता

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपनी विशिष्ट उड़ान शैली और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। यह टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर भारत की आधुनिक विमानन तकनीक और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। इन हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सारंग टीम कठिन और जटिल हवाई संरचनाओं का प्रदर्शन कर भारतीय वायु सेना के पायलटों की दक्षता तथा देश की तकनीकी सामर्थ्य का परिचय कराती है।

सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में इन रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। हेलीकॉप्टरों का संतुलित संचालन, निर्धारित दूरी पर उड़ान और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों को रोमांचित करती हैं।

‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ के आदर्श वाक्य के साथ सारंग टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती है। टीम के प्रदर्शन में साहस के साथ-साथ अनुशासन, तकनीकी दक्षता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है।

महिला पायलटों की सहभागिता से प्रदेश की बेटियों को मिलेगी नई प्रेरणा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम में दो महिला पायलटों की सहभागिता पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, साहस और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया जैसी महिला पायलटों का साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और उचित अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। सारंग टीम की महिला पायलटों का प्रदर्शन उन्हें विमानन और रक्षा सेवाओं जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी अपना भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और टीम भावना को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्योत्सव केवल छत्तीसगढ़ की स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का भी अवसर है। इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की सारंग टीम की सहभागिता समारोह को एक विशेष राष्ट्रीय गौरव से जोड़ेगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को साहस, अनुशासन, नेतृत्व और सामूहिक प्रयास का महत्व समझाते हैं। सारंग टीम के प्रत्येक प्रदर्शन के पीछे पायलटों का कठिन परिश्रम, वर्षों का प्रशिक्षण और एक-दूसरे के प्रति अटूट विश्वास होता है। ये गुण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नवा रायपुर में आयोजित एयर शो प्रदेशवासियों के मन में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और प्रगाढ़ करेगा। साथ ही नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देगा।

राज्योत्सव की भव्यता को नई ऊंचाई देगा सारंग टीम का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो प्रदेश के लिए एक विशेष आकर्षण होगा। पांच हेलीकॉप्टरों के साथ भारतीय वायु सेना के कुशल पायलटों का साहसिक प्रदर्शन दर्शकों को रोमांच, गौरव और उत्साह से भर देगा।

नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित इस एयर शो के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के शौर्य, अदम्य साहस और उत्कृष्ट उड़ान कौशल को निकट से देखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की भव्यता को नई ऊंचाई देने के साथ प्रदेशवासियों की स्मृतियों में एक यादगार अनुभव के रूप में स्थापित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह उपस्थित थे।

  • Related Posts

    दोषसिद्ध प्रधान पाठक विजय कुमार यादव बर्खास्त, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश

    अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/  जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार विकासखण्ड उदयपुर के शासकीय प्राथमिक शाला पेण्डरखी के प्रधान पाठक श्री विजय कुमार यादव  के विरुद्ध थाना मणीपुर…

    Read more

    (अम्बिकापुर समाचार ) सहायक प्रोग्रामर एवं लेखापाल के संविदा पदों हेतु पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी

    अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/   कार्यालय कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (VB-GRAMG), जिला सरगुजा द्वारा जनपद पंचायत स्तर पर सहायक प्रोग्रामर एवं लेखापाल के संविदा पदों पर भर्ती हेतु प्राप्त…

    Read more

    NATIONAL

    प्रधानमंत्री ने सभी के कल्याण और समृद्धि के लिए प्रकृति की रक्षा और पोषण पर बल देने वाले संस्कृत सुभाषितम् को साझा किया

    प्रधानमंत्री ने सभी के कल्याण और समृद्धि के लिए प्रकृति की रक्षा और पोषण पर बल देने वाले संस्कृत सुभाषितम् को साझा किया

    चोरी या गुम हुए मोबाइल लौटाने में गुजरात देश में दूसरे स्थान पर, CEIR पोर्टल से 74 हजार से ज्यादा फोन बरामद

    चोरी या गुम हुए मोबाइल लौटाने में गुजरात देश में दूसरे स्थान पर, CEIR पोर्टल से 74 हजार से ज्यादा फोन बरामद

    लैंडफॉल के बाद अर्नब का कहर, आंध्र में घरों में घुसा पानी, ओडिशा में तेज तूफान

    लैंडफॉल के बाद अर्नब का कहर, आंध्र में घरों में घुसा पानी, ओडिशा में तेज तूफान

    इजराइल चुनाव 2026: नेतन्याहू के लिए क्यों तय है सत्ता और सियासी भविष्य?

    इजराइल चुनाव 2026: नेतन्याहू के लिए क्यों तय है सत्ता और सियासी भविष्य?

    8 सीटों पर काउंटिंग जारी, जनसुराज प्रत्याशी को पुलिस ने रोका, अनंत-नीरज के आवास पर भोज की तैयारी

    8 सीटों पर काउंटिंग जारी, जनसुराज प्रत्याशी को पुलिस ने रोका, अनंत-नीरज के आवास पर भोज की तैयारी

    एनटीपीसी कहलगाँव में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

    एनटीपीसी कहलगाँव में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ  कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ