
अम्बिकापुर 03 नवम्बर 2026/ राज्योत्सव 2026 समारोह का शानदार आयोजन अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में हुआ। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास विभाग मंत्री श्री रामविचार नेताम ने उपस्थित लोगों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान मुख्य अतिथि कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने राज्योत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और ऐतिहासिक निर्णय का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने श्री वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूरे होना छत्तीसगढ़वासियों के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का अवसर है। राज्य निर्माण के बाद से छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है और आज प्रदेश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है तथा गांव-गांव तक पक्की सड़क, आवास और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास के एक सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास यहां के किसानों, आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं, ग्रामीणों और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़ा हुआ है। सरकार इन सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रही है। विशेष रूप से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना और स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए नए धान खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए जा रहे हैं।
उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना से हर महीने उन्हें एक निश्चित राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों के वर्षों के संघर्ष, परिश्रम और संकल्प का ही परिणाम है कि आज प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह राज्योत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प को स्मरण करने का भी अवसर है। अंत में उन्होंने राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूर्ण होने पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने राज्योत्सव समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। राज्य सरकार पूरे सरगुजा संभाग सहित प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं एवं अधोसंरचनाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सड़क निर्माण के कार्यों को तेज गति से पूरा किया जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ ही विकास की नई संभावनाएं भी साकार हो रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव ने राज्योत्सव कार्यक्रम की जिले वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी कर्मचारी, आमजन उपस्थित रहे।
राज्योत्सव में मुख्य अतिथि श्री नेताम द्वारा हितग्राही मूलक सामग्रियों का किया गया वितरण-
राज्योत्सव में मुख्य अतिथि श्री रामविचार नेताम ने समस्त स्टालों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को हितग्राही मूलक सामग्रियां प्रदान की। इस दौरान पशुधन विकास विभाग द्वारा नर बकरा योजनांतर्गत 02 हितग्राहियों को चेक, कृषि विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को सॉइल हेल्थ कार्ड, मछली पालन विभाग द्वारा हितग्राही को आईस बाॅक्स एवं जाल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र (हब) एवं 02 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र (सखी निवास), पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 03 हितग्राहियों को खुशियों की चाभी प्रदान की गई। इसी प्रकार पंचायत एवं गामीण विकास विभाग द्वारा एनआरएलएम के 11 समूहों को चेक एवं 02 समूहों को सी.एल.एफ. संचालन हेतु महतारी सदन की चाभी, पर्यटन विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र , जेल विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, स्कूल शिक्षा विभाग समग्र शिक्षा द्वारा 01 हितग्राही को जाति प्रमाण पत्र एवं 02 हितगाहियों को सहायक उपकरण दृष्टबाधित बच्चों हेतु, समाज कल्याण विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को मोटराईज्ड ट्रायसायकल वितरण किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, शानदार प्रस्तुतियों से सजी संध्या-
राज्योत्सव 2026 के मुख्य समारोह में आमंत्रित एवं स्थानीय कलाकारों के द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं गई। इस दौरान सांस्कृतिक दलों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी गयी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू के द्वारा छतीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी जनों को देर शाम तक समारोह स्थल पर रोके रखा। वहीं स्थानीय गायक स्वप्निल जायसवाल ने भी बॉलीवुड गीतों से सभी का मन मोहा।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों में मुकुल विस्वास, कल्पना गुप्ता, सीमा तिवारी, अमित श्रीवास्तव, पल्लवी एवं पलक पाण्डेय, प्रियांशु मिश्रा, हिमांगी त्रिपाठी, अस्मि वर्मा ने गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं सिमरन प्रधान, सभ्या शर्मा, अक्षिता डबराल, सृष्टि भदौरिया, रघुवंश कुमार, आश्वी तिवारी ने नृत्य की प्रस्तुति दी। कन्या शिक्षा परिसर अम्बिकापुर, संगीत महाविद्यालय अम्बिकापुर, कन्या उ.मा.विद्यालय अम्बिकापुर द्वारा सामूहिक नृत्य, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के छात्र- छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों से समा बंधा।
विभिन्न विभागों के स्टाल ने लोगों को किया आकर्षित, योजनाओं के सम्बन्ध में दी गई जानकारी-
राज्योत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां लोगों को विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहान, जनसम्पर्क विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, पर्यटन, वन विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, मत्स्य विभाग, नगर पालिक निगम, आदिवासी विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सरगुजा पुलिस, केंन्द्रीय जेल, राजस्व विभाग, तिब्बती स्टॉल, रजवार भित्ति कला के स्टॉल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
समाचार क्रमांक 08/2026/मेघा/विशाल
अम्बिकापुर 03 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में जिला जनसंपर्क कार्यालय अम्बिकापुर द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से जिलेवासियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की गई। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उनके उद्देश्यों, लाभों और उपलब्धियों से अवगत कराया गया।
प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने तथा अब तक 20 हजार 708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 13.96 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने, पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 39.73 लाख महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई।
कृषक एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा के अंतर्गत 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से राज्य के 26 लाख किसानों को मिल रहे लाभ, दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता तथा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के हित में संग्रहण दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और बोनस सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
आवास एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 24.54 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति और 20.75 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण होने की उपलब्धि प्रदर्शित की गई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 41.50 लाख घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने तथा इसके लिए 4,500 करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना पर 1 लाख 12 हजार रुपये तक की सब्सिडी के प्रावधान को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया।
युवा कल्याण, शिक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में राज्य के प्रयासों की जानकारी देते हुए 38 नगरीय निकायों में हाईटेक लाइब्रेरी निर्माण, मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन, इनोवेशन हब और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इसके तहत 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रयास आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आईआईटी/आईआईआईटी में 136, एनआईटी में 363 तथा एमबीबीएस में 82 विद्यार्थियों के चयन और 10 जिलों में 2,717 सीटों की उपलब्धता की जानकारी भी साझा की गई।
प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए लागू किए गए 450 से अधिक प्रशासनिक सुधारों, सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, ई-ऑफिस, ऑनलाइन पेमेंट, सुगम ऐप और नियो रजिस्ट्रेशन की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही सेवा सेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से 38 विभागों की 948 सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की पहल को भी दर्शाया गया। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 18 जिलों के 1,544 ग्रामों के लगभग 56 हजार 569 परिवारों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल रही।
प्रदेश में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित करते हुए छत्तीसगढ़ को पर्यटन का उद्योग का दर्जा दिए जाने, डेस्टिनेशन छत्तीसगढ़ अभियान के माध्यम से जनजातीय, विरासत एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा बस्तर के धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किए जाने की उपलब्धि प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही पांच शक्तिपीठों के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये के प्रावधान और श्री रामलला दर्शन योजना के तहत 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम की निःशुल्क यात्रा कराए जाने की जानकारी भी दी गई।
अधोसंरचना विकास और औद्योगिक निवेश से संबंधित उपलब्धियों में 54 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं, 18,215 करोड़ रुपये की लागत वाली 37 सड़क परियोजनाओं तथा 4,146 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम छह लेन एक्सप्रेस-वे को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। वहीं इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ के अंतर्गत 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने तथा एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये के प्रावधान और 1,000 करोड़ रुपये की लागत से देश का पहला एआई डेटा सेंटर स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के तहत 815 गांवों को लाभान्वित करने तथा बस्तर एवं सरगुजा अंचल के 106 चयनित मार्गों पर बसों का संचालन, राज्य के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के प्रयासों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की योजनाओं और विकासपरक पहलों की जानकारी आम नागरिकों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। राज्योत्सव में पहुंचे जिलेवासियों ने प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।









