
अम्बिकापुर 12 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरगुजा श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से 02 से 20 नवंबर 2026 के मध्य निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में प्रथम चरण में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में 04 एवं 05 नवंबर 2026 को निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय ’’मतदान का महत्व’’ तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय ’’मतदाता सूची तैयार करना, EVM एवं VVPAT, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया’’ रखा गया।
दूसरे चरण में महाविद्यालयों एवं विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं का विधानसभा स्तर पर 13 नवम्बर 2026 को प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी एवं विधानसभा स्तर पर दोनो विधा से शीर्ष 10-10 छात्र-छात्राओं को जिला स्तर पर प्रतियोगिता में सम्मिलित कराया जाएगा एवं जिसका तृतीय चरण जिला स्तर 16 से 18 नवम्बर 2026 के मध्य आयोजित कराया जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, आवश्यकतानुसार मतदाता परिचय पत्र में सुधार कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के मतदाताओं के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मतदाताओं को जागरुक किया जा रहा है। खासकर युवा इस अभियान के लक्ष्य है और उन्हें पहले मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और इसके बाद सभी चुनावों में मतदान करने जागरुक करना है। वर्तमान में महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं हेतु विशेष शिविर लगाकर नाम जुड़ावाने की जानकारी प्रदान की जा रही है। महाविद्यालय में ऑनलाइन ईसीआईनेट एप के माध्यम से फार्म 06 भरे जा रहे है एवं आमतौर पर मतदाताओं को नाम जुड़वाने फार्म 06 भरने और बीएलओ के माध्यम से जमा करने कहा जाता है, जिसके बाद संबंधित पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाता है।
मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर काल कर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं के पंजीयन कार्य की सुविधा के दृष्टिगत जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। जिला स्तर पर श्री रजनीश मिश्रा (8319860214) को नियुक्त किया गया है। वहीं विधानसभा क्षेत्र स्तर लुण्ड्रा-09 के लिए श्री अरुण गुप्ता (7987010261) अम्बिकापुर -10 के लिए श्री कमलेश वर्मा (9826544124) एवं सीतापुर – 11 के लिए श्री प्रेम कुमार गुप्ता (8103502643) को हेल्प डेस्क प्रभारी नियुक्त किया गया है।









