
खरीफ 2026 में उत्पादित एवं उपार्जित धान के रकबे के आधार पर मिलेगा योजना का लाभ
राजनांदगांव 12 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कृषकों को कृषि निवेश में सहायता एवं खेती की लागत में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार खरीफ 2026 में बोए गए धान, जिसे विपणन वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं लैम्प्स के माध्यम से उपार्जित किया जाएगा अथवा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा धान बीज के रूप में उपार्जित किया जाएगा, उससे संबंधित बोए गए रकबे पर किसानों को प्रति एकड़ 13839 की समान दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
*प्रति एकड़ 13,839 की सहायता राशि का निर्धारण -*
शासन द्वारा निर्धारित गणना के अनुसार कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 प्रति क्विंटल तथा निर्धारित आधार मूल्य 3100 प्रति क्विंटल के अंतर 659 को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से गुणा करने पर 13839 प्रति एकड़ आदान सहायता राशि निर्धारित की गई है। विशेष बात यह है कि किसान द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम मात्रा में भी धान उपार्जन हेतु विक्रय किए जाने पर, डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित बोए गए धान के पात्र रकबे के अनुसार निर्धारित दर से सहायता राशि देय होगी।
*योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रमुख पात्रता -*
किसान का खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक है तथा संबंधित किसान से मार्कफेड द्वारा सहकारी समिति व लैम्प्स के माध्यम से धान उपार्जित किया जाना चाहिए। धान बीज उत्पादक किसानों के लिए बीज निगम द्वारा धान बीज का उपार्जन किया जाना आवश्यक है। कृषक का एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य होगा। किसान द्वारा बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सत्यापन होने के बाद ही सहायता राशि देय होगी। जहां डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि दी जा सकेगी। ग्रीष्मकालीन मौसम में बोए गए धान के लिए इस योजना का लाभ देय नहीं होगा।
*आधार लिंक बैंक खाते में होगा भुगतान -*
योजना अंतर्गत पात्र किसानों को आदान सहायता राशि का भुगतान उनके आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किया जाएगा। धान विक्रय के लिए टोकन जारी करते समय ही किसान द्वारा कृषक उन्नति योजना अंतर्गत निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अपना एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण कराएं, बैंक खाते को आधार से लिंक रखें तथा धान बोए गए रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे में सही सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य फसल क्षेत्राच्छादन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, कृषि लागत में कमी, किसानों की आय में वृद्धि तथा आधुनिक कृषि तकनीकों एवं बाजारोन्मुखी फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करना है।







