
Chhath Nahay Khay 2026: महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होती है. 13 नवंबर 2026 यानी आज नहाय-खाय मनाया जा रहा है. इस दिन से व्रती शुद्धता और सात्विकता के विशेष नियमों का पालन करना शुरू कर देते हैं. नहाय-खाय पर स्नान से लेकर भोजन तैयार करने और ग्रहण करने तक कई परंपराओं का खास महत्व है. ऐसे में आइए जानते हैं नहाय-खाय का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इस दिन किन जरूरी नियमों का पालन करना चाहिए.
Nahay Khay Shubh Muhurat: नहाय-खाय के लिए शुभ मुहूर्त
शास्त्रों में के लिए ब्रह्म मुहूर्त, अभिजीत मुहूर्त और विजय मुहूर्त शुभ माने गए हैं. बिहार और झारखंड के लिए ये तीनों मुहूर्त इस प्रकार हैं.
झारखंड के लिए नहाय-खाय का मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 04:18 से 05:09 बजे तक
- अभिजीत मुहूर्त- सुबह 11:11 से 11:55 बजे तक
- विजय मुहूर्त- दोपहर 01:23 से 02:08 बजे तक
बिहार के लिए नहाय-खाय का मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 04:21 से 05:13 बजे तक
- अभिजीत मुहूर्त- सुबह 11:12 से 11:55 बजे तक
- विजय मुहूर्त- दोपहर 01:23 से 02:07 बजे तक
Nahay Khay Vidhi: नहाय-खाय की विधि
शुद्धता
नहाय-खाय के दिन सुबह उठकर घर और रसोई की अच्छी तरह सफाई करें. शुद्धता का विशेष ध्यान रखें. भोजन बनाने वाले स्थान को साफ रखें और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को भी अच्छी तरह धो लें.
स्नान (नहाय)
नहाय-खाय के दिन व्रती गंगा नदी या किसी पवित्र तालाब में स्नान करते हैं. यदि नदी या तालाब में जाना संभव न हो, तो घर पर नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें. इसके बाद साफ और नए कपड़े पहनें.
छठ व्रत का संकल्प
स्नान के बाद सूर्य देव और छठी मैया का ध्यान करें. परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करते हुए मन ही मन छठ व्रत का संकल्प लें.
सात्विक भोजन
नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात बनाने की परंपरा है. इसमें अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी बनाई जाती है. भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखें. कई घरों में भोजन सेंधा नमक से बनाया जाता है.
सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाएं
नहाय-खाय के दिन भोजन तैयार करने के बाद सबसे पहले सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाएं. इसके बाद व्रती स्वयं प्रसाद ग्रहण कर भोजन करते हैं.
परिवार के सदस्य भी ग्रहण करते हैं प्रसाद
छठ व्रती के भोजन करने के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं. इस दिन प्याज, लहसुन और तामसिक भोजन से परहेज किया जाता है. इसलिए इस बात का विशेष ध्यान रखें.
Nahay Khay Niyam: नहाय-खाय के नियम
- नहाय-खाय के दिन भोजन बनाते समय साधारण नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करें. भात पकाने के लिए अरवा चावल का इस्तेमाल करें.
- भोजन की शुद्धता का ध्यान रखें. भोजन पूरी पवित्रता के साथ तैयार करें. भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों और रसोई को साफ रखें.
- परंपरा के अनुसार, नहाय-खाय के दिन सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाने के बाद सबसे पहले व्रती भोजन करते हैं. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भोजन ग्रहण करते हैं. इसलिए इस परंपरा का ध्यान रखें.
- नहाय-खाय के दिन व्रतियों को मांस-मछली, अंडा, शराब और अन्य तामसिक खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए.
- छठ के चार दिनों (नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य) तक व्रती को मन शांत रखना चाहिए. इस दौरान किसी को अपशब्द न कहें और न ही किसी से लड़ाई-झगड़ा करें.
- नहाय-खाय से लेकर छठ महापर्व के समापन तक व्रती को ब्रह्मचर्य का पालन करना जरूरी माना गया है. इसलिए इस नियम का पालन करें.









