’जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने विजेता खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं, कहादृ कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें खिलाड़ी’
जशपुरनगर 15 नवंबर 2026/ जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय जशपुर ओलंपिक 2026 का भव्य समापन बीते दिवस शनिवार को रणजीता स्टेडियम, जशपुर में उत्साह और उमंग के साथ हुआ। समापन समारोह में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और अपनी प्रतिभा साबित करने का उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने खिलाड़ियों के उत्साह, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि आज खिलाड़ियों के चेहरों पर जोश, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का जज्बा देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन आवश्यक है। खिलाड़ियों को मिले इस अवसर और मंच का भरपूर उपयोग करते हुए अपने खेल कौशल को निरंतर निखारना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जशपुर की प्रतिभाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी और ओलंपिक जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक श्रीमती भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा युवाओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। आज प्रदेश के विभिन्न अंचलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। जशपुर अंचल में भी खेलों के प्रति विशेष उत्साह और अपार संभावनाएं हैं। यहां के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर को अपनी सफलता की सीढ़ी बनाएं और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने जशपुर ओलंपिक के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जिले के विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जशपुर ओलंपिक में 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आगामी आयोजनों में जिले के अन्य पारंपरिक खेलों को भी शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्थानीय खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिले और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हो। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
’12 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम’
जशपुर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत विभिन्न खेल विधाओं में रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, तवा फेंक, भाला फेंक, 4×100 मीटर रिले रेस, तीरंदाजी, कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, कांसाबेल, बगीचा, फरसाबहार, दुलदुला एवं मनोरा विकासखंड के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। एथलेटिक्स की दौड़, कूद एवं थ्रो स्पर्धाओं के साथ तीरंदाजी की 30 मीटर एवं 50 मीटर व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जशपुर ओलंपिक 2026 के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की गई। जशपुर ओलंपिक 2026 का सफल आयोजन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने, ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस आयोजन ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का नया आत्मविश्वास भी प्रदान किया। समापन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







