जशपुरनगर 17 नवम्बर 2026/ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत जशपुर द्वारा भारत सरकार के 100 सप्ताह के नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान के सप्ताह 9 के अंतर्गत विगत दिवस बीटीआई ग्राउंड, जशपुर में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जशपुर नगर एवं मनोरा विकासखंड के युवाओं की सहभागिता से ‘Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat’ थीम पर किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनमें स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रतियोगिता के अंतर्गत महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़ एवं डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) की व्यक्तिगत स्पर्धाएं आयोजित की गईं, वहीं पुरुषों के लिए 400 मीटर दौड़ एवं शॉट पुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता रखी गई। सामूहिक स्पर्धाओं में महिलाओं के लिए रस्साकशी (Tug of War) तथा पुरुषों के लिए कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जशपुर नगर एवं मनोरा विकासखंड के युवाओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
मेरा युवा भारत (MY Bharat), जशपुर द्वारा युवाओं से अपील की गई कि वे खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करें।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 100 सप्ताह के नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।








