Ro no D15139/23

( अम्बिकापुर समाचार ) घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान बिक्री, रामपुर केंद्र में 7 ग्राम पंचायतों के 826 किसानों को मिल रही सुविधा

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों ने ऑनलाइन टोकन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी पर जताई खुशी

अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/  किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान बिक्री की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले के रामपुर धान खरीदी केंद्र में सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की जा रही है। इस केंद्र से रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी ग्राम पंचायतों के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। धान खरीदी का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस दौरान किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला।

धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू की गई ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप सुविधा किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। अब किसान घर बैठे ही मोबाइल के माध्यम से धान बिक्री का टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे उन्हें टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और वे अपनी सुविधा के अनुसार धान बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं।

बेटे ने घर बैठे काटा टोकन, 22 क्विंटल धान बेचने पहुंचे भुवनेश्वर राम
ग्राम रामपुर निवासी किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े के पास लगभग सवा एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने मोबाइल से ऑनलाइन टोकन कटवाया, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली। वे 22 क्विंटल धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्था अच्छी है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के लिए घर बैठे टोकन की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

घर बैठे टोकन प्राप्त कर, धान बेचने पहुंचे इतबल राम
ग्राम पोड़ी खुर्द निवासी किसान इतबल राम ने भी ‘तुंहर टोकन’ ऐप की सुविधा का लाभ लिया। उन्होंने अपने भतीजे के मोबाइल से घर बैठे ही 20 क्विंटल धान बिक्री का टोकन प्राप्त किया। उनके पास कुल 64 क्विंटल धान का रकबा है। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में बारदाना उपलब्ध हो गया है और धान की तौलाई भी व्यवस्थित तरीके से हो रही है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। इतबल राम ने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से खेती-किसानी के कार्यों में मदद मिल रही है। उन्होंने किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

सात ग्राम पंचायतों के किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र
आदिमजाति सेवा सहकारी समिति केंद्र रामपुर में सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसान अपनी उपज का विक्रय कर रहे हैं। ऑनलाइन टोकन सुविधा, बारदाना की उपलब्धता और सुव्यवस्थित तौलाई जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को धान बिक्री में सहूलियत मिल रही है। शासन की इन व्यवस्थाओं से किसानों का समय बच रहा है और वे बिना अनावश्यक भागदौड़ के अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।

 
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से 02 से 17 नवंबर 2026 के मध्य संस्था स्तर, विधानसभा स्तर एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसी क्रम में 17 नवम्बर को विधानसभा से चयनित शीर्ष 10-10 छात्र-छात्राओं के मध्य संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय अम्बिकापुर में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार देवांगन द्वारा किया गया। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की जानकारी दी एवं विद्यार्थियों से यह भी अपील किया कि ऐसे छूटे हुए विद्यार्थी जो 17 वर्ष से अधिक आयु के हैं, वे भावी मतदाता के रुप में अग्रिम आवेदन कर सकते है तथा उनके घर या आसपास के जो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र विद्यार्थी युवा हो उनका भी नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु ऑनलाइन ECINET एप के माध्यम से स्वयं एवं ऑफलाइन बीएलओ के माध्यम से फार्म 06 लेकर भरा जाए।

जिला परियोजना अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (स्वीप).श्री गिरीश गुप्ता ने यह जानकारी दिया की विधानसभा स्तर से दोनो विधा में कुल 60 (30-30) विद्यार्थी चयनित होकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए है, जिसमें जिला स्तर से चयनित शीर्ष 10-10 छात्र-छात्राओं की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ को प्रेषित किया जाएगी। साथ ही आयोग द्वारा निर्धारित निबंध प्रतियोगिता का विषय “मतदान का महत्व” तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय “मतदाता सूची तैयार करना, EVM एवं VVPAT, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया” रखा गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की जागरुकता और मतदान में सहभागिता कितनी महत्वपूर्ण है।

इस दौरान संस्था के प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह, उप प्राचार्य डॉ. पूजा दुबे, सहायक प्राध्यापक श्रीमती सुमन पांडेय, बी.पी.ओ. श्री कमलेश वर्मा, श्री सत्यनारायण भगत, श्रीमती इंदु मिश्रा, रजनीश मिश्रा एवं समस्त प्रतिभागी उपस्थित रहे ।

 
चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निराकरण हेतु 21 नवम्बर 2026 को विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन
अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु पक्षकारों से सक्रिय सहभागिता की अपील

अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर  के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा 21 नवम्बर 2026  को परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (Negotiable Instruments Act, 1881) की धारा 138 के अंतर्गत दर्ज चेक अनादरण (चेक बाउंस) के प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित लंबित न्यायालयीन प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। इस विशेष लोक अदालत में केवल परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत दर्ज चेक बाउंस के प्रकरणों का ही निराकरण किया जाएगा।

लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण होने पर पक्षकारों को अनावश्यक न्यायालयीन कार्यवाही एवं समय की बचत होती है तथा आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो पाता है।

विशेष लोक अदालत केवल एक न्यायिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विवादों को आपसी सहमति से समाप्त करने तथा समय एवं संसाधनों की बचत करने का एक प्रभावी माध्यम है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चेक बाउंस के प्रकरणों से संबंधित सभी पक्षकारों से विशेष अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए सक्रिय सहभागिता निभाएं, आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करें तथा इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

विशेष लोक अदालत के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने अथवा निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह हेतु आम नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर अथवा तालुका विधिक सेवा समिति सीतापुर सहित जिले की संबंधित तालुका विधिक सेवा समितियों में संपर्क कर सकते हैं।

  • Related Posts

    (अम्बिकापुर समाचार) 18 नवंबर को राजमोहिनी देवी ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन, विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित

    ’सांसद श्री चिंतामणी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/  जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले में 18 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस समारोह…

    Read more

    (अम्बिकापुर समाचार) लुण्ड्रा के महोरा में आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन आमंत्रित, 1 दिसंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

    अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/  कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना, लुण्ड्रा द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के तहत सेक्टर…

    Read more

    NATIONAL

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की

    CM Yogi Book: ‘योगी की पाती’ में CM योगी के वनटांगिया संघर्ष, स्कूल खोलने पर दर्ज मुकदमे और 23 गांवों के विकास की कहानी

    CM Yogi Book: ‘योगी की पाती’ में CM योगी के वनटांगिया संघर्ष, स्कूल खोलने पर दर्ज मुकदमे और 23 गांवों के विकास की कहानी

    चीन-पाकिस्तान से दो मोर्चों पर जंग का खतरा, SIR पर SC में 48 सवाल, इंदिरा से डरती थीं सोनिया

    चीन-पाकिस्तान से दो मोर्चों पर जंग का खतरा, SIR पर SC में 48 सवाल, इंदिरा से डरती थीं सोनिया

    राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में परिचर्चा स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार : श्रवण कुमार,सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री

    राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में परिचर्चा  स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार : श्रवण कुमार,सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी