
परसदा में नया उपार्जन केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को घर के पास धान बेचने की सुविधा
कोरबा, 19 नवंबर 2026/खेतों में धान की कटाई और मिंजाई के बीच अब किसानों को उपज बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ शासन की अनुमति से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी वर्षों के लिए कोरबा जिले में शुरू किए गए आठ नए धान उपार्जन केंद्रों में पाली विकासखंड का परसदा केंद्र भी शामिल है। दूरस्थ क्षेत्र में खुले इस केंद्र से आसपास के गांवों के किसानों को नजदीक में ही धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
परसदा केंद्र से परसदा, बापापुती, शिवपुर और फूलवारीपारी सहित आसपास के गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। यहां चार सौ से अधिक किसान पंजीकृत हैं। केंद्र शुरू होने के साथ ही किसानों ने धान बेचना भी आरंभ कर दिया है। खरीदी के पहले दिन, 15 नवंबर को किसान विश्राम सिंह ने 10 क्विंटल 40 किलोग्राम धान बेचा। वहीं 18 नवंबर को महिला किसान रामकली तिवारी ने 53 क्विंटल 60 किलोग्राम धान का विक्रय किया। नए केंद्र में किसानों के बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
पाली विकासखंड के ग्राम बोदलपारा निवासी किसान जानिक राम ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में धान की 1010 किस्म लगाई है और इस वर्ष फसल अच्छी हुई है। उनके पास लगभग छह एकड़ खेती है। पिछले वर्ष उन्होंने करीब 72 क्विंटल धान बेचा था और इस साल भी लगभग इतनी ही उपज बेचने की उम्मीद है। पहले उन्हें घर से करीब चार किलोमीटर दूर निर्धारित केंद्र जाना पड़ता था। अब गांव के पास ही उपार्जन केंद्र शुरू होने से धान बेचने में आसानी होगी और आने-जाने का समय तथा खर्च भी कम होगा। खेतों में अभी कटाई-मिंजाई का काम चल रहा है; आने वाले दिनों में वे धान बेचने केंद्र पहुंचेंगे।
जानिक राम ने कहा कि पास में खरीदी केंद्र खुलना किसानों के लिए बड़ी सहूलियत है। उन्होंने इस वर्ष किसानों को धान विक्रय के साथ मिलने वाली अंतर राशि और आदान सहायता राशि को भी छोटे किसानों के लिए उपयोगी बताया।
परसदा के साथ जिले के सात अन्य स्थानों पर भी नए केंद्र शुरू किए गए हैं। नवापारा (सि.) केंद्र से नवापारा, पाल ढुरेना, कोठीखर्रा, सरपता, सिमगा, गड़रा, जामकछार और घोंसरा के किसान जुड़ेंगे। परला केंद्र में कापनपारा, धुवापुर, चोटिया, परला, बनिया, भुजंगकछार, मड़ई, लमना, लाद, लालपुर और हड़मोरा के किसानों को सुविधा मिलेगी।
डोडकी केंद्र से टाड़पखना, डोडकी, नवापारा, नानबांका, बहनाईपुर, बड़ेबांका, मदनपुर, सगुना, भोंडकछार, भेलवाटिकरा और पटपरा के किसान लाभान्वित होंगे। ढोलपुर केंद्र जोरहाडबरी, खमरिया, ढोलपुर और पथरी; पुरेना केंद्र पुरेना, खरहरी और जर्वे; चोड़ा केंद्र चोड़ा, अंडीकछार और रामपुर; जबकि मुढ़ाली केंद्र मुढ़ाली और कटसीरा के किसानों को धान बेचने की सुविधा देगा।
नए उपार्जन केंद्रों के शुरू होने से दूरस्थ गांवों के किसानों को अब धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे परिवहन का खर्च और समय घटेगा, खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी तथा केंद्रों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। किसान अपने नजदीक धान बेच सकेंगे और खरीफ उपज का उचित प्रबंधन कर पाएंगे।
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर कोरबा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी
20 एवं 21 नवंबर को हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज हवा की संभावना
प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने सभी विभागों को तत्काल तैयारी और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए
कोरबा, 19 नवंबर 2026/मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट अनुसार 20 एवं 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्था पहले से तैयार रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संभावित जलभराव, नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, तेज हवा और पेड़ अथवा बिजली के तार गिरने जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए।
जनपद पंचायतों और राजस्व अमले को अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि 20 एवं 21 नवंबर को पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और कोटवार अपने-अपने पंचायत मुख्यालयों में उपस्थित रहें। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की सूचना दी जाए। पंचायत भवनों और सुरक्षित स्कूल भवनों को जरूरत पड़ने पर राहत केंद्र के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखा जाए तथा नालियों की सफाई कराई जाए। जर्जर कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को नदी-नालों के तटीय तथा निचले इलाकों में संभावित निकासी और राहत व्यवस्था की समीक्षा तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रखी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने में प्राथमिकता दी जाएगी। पटवारियों को अपने हल्के में उपस्थित रहने तथा किसी भी क्षति की स्थिति में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रकरण तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
धान खरीदी केंद्रों और किसानों के लिए जरूरी व्यवस्था
खाद्य, विपणन और सहकारिता विभाग को धान उपार्जन केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित रखने और कैप कवर अथवा तिरपाल से पूरी तरह ढंकने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी और धान का उठाव तेज किया जाएगा। किसानों को भी सूचना दी जाएगी कि वे उपार्जन केंद्र में धान लाते समय उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। कृषि विभाग किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखने की सलाह देगा। निचले क्षेत्रों में रखे पशुधन को भी सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
बिजली, सड़क और जलाशयों की निगरानी
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) को जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार समय रहते बिजली आपूर्ति अलग करने, बिजली लाइनों के पास की शाखाओं की छंटाई करने और आपातकालीन मरम्मत दल तैनात रखने को कहा गया है। अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और राहत केंद्रों की बिजली प्राथमिकता से बहाल की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को जेसीबी तथा पेड़ काटने के कटर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। रपटों और पुलियों पर चेतावनी बोर्ड एवं बेरिकेडिंग लगाई जाएगी। जर्जर शासकीय भवनों का त्वरित निरीक्षण कर असुरक्षित भवनों को खाली कराया जाएगा।
जल संसाधन विभाग बांगो बांध, दर्री बराज और अन्य जलाशयों में आवक की लगातार निगरानी करेगा तथा आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित डिस्चार्ज सुनिश्चित करेगा। जलाशयों के गेट खोलने से पर्याप्त समय पहले नियंत्रण कक्ष, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और डाउनस्ट्रीम गांवों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य, नगरीय निकाय और राहत-बचाव दल तैयार
स्वास्थ्य विभाग को एंटी-स्नेक वेनम, ओआरएस और जल-जनित रोगों से बचाव की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा 108 और 102 एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीमों को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को समय रहते स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम और नगर पालिकाओं को नालों की तत्काल सफाई, डी-वॉटरिंग पंपों की तैनाती, खतरनाक पेड़ों की छंटाई और असुरक्षित होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वार्डवार मुनादी कराकर नागरिकों को सतर्क किया जाएगा। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रहने, नाव, लाइफ जैकेट और गोताखोर तैयार रखने तथा उफनते रपटों और पुलों पर आवागमन रोकने के लिए कहा गया है।
शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को जर्जर स्कूल कक्षों और आंगनबाड़ी भवनों का उपयोग नहीं करने तथा राहत केंद्र के रूप में चिन्हित स्कूलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग राहत केंद्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा और ब्लीचिंग पाउडर एवं क्लोरीन का पर्याप्त स्टॉक रखेगा। वन विभाग सड़कों और बिजली लाइनों के पास स्थित कमजोर पेड़ों की छंटाई करेगा।
पर्यावरण संरक्षण मंडल, एसईसीएल, एनटीपीसी और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (सीएसपीजीसीएल) को राखड़ बांधों और ओवरबर्डन डंपों की सतत निगरानी करने तथा खदानों में डी-वॉटरिंग पंप चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और नदी-नालों, रपटों तथा जलभराव वाले मार्गों से आवागमन न करें। तेज हवा और वर्षा के दौरान जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा तारों के पास न रुकें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
’जिला स्तरीय युवा उत्सव में लोककला, संस्कृति और प्रतिभाओं का दिखा अनूठा संगम’
’कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का रंगारंग आयोजन’
’युवाओं को अपनी प्रतिभा और मेहनत से परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने हेतु किया प्रेरित’
’विकसित भारत-2047 के संकल्पना को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रू मंत्री श्री लखन लाल देवांगन’
कोरबा, 19 नवम्बर 2026/युवाओं की सृजनात्मक प्रतिभा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत से सजे जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन पंडित जवाहर लाल नेहरू सभागार, आईटीआई चौक रामपुर में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस महोत्सव में जिले के पांचों विकासखंडों से पहुंचे युवा कलाकारों ने अपनी कला और हुनर की आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित युवा उत्सव युवाओं को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्पना को साकार करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में असीम प्रतिभा और ऊर्जा है। वे अपनी मेहनत, लगन और कौशल से नई उपलब्धियां हासिल करते हुए अपने माता-पिता, परिवार, गांव, जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारें और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
मंत्री श्री देवांगन ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। धान खरीदी के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान करने की व्यवस्था के साथ नए प्रावधान के तहत निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के साथ-साथ युवाओं, विद्यार्थियों सहित सभी वर्ग के लोगो को अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
कार्यक्रम को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉक बैंड सहित आठ विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिले के पांचों विकासखंडों से आए प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। मादर की थाप पर थिरकते युवा नर्तक दलों की प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह का माहौल बना दिया। कला प्रेमी दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों की रचनात्मकता, कला कौशल और मंचीय प्रस्तुति देखने को मिली।
इस अवसर पर पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, श्री मुकुंद सिंह कंवर, श्री गजेंद्र मानसर, खेल अधिकारी श्री दीनू पटेल, श्री रामकृपाल साहू, श्री सुनील पाण्डेय, श्रीमती सारिका रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक उपस्थित थे।
लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के विजेता एवं उपविजेता घोषित
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोकनृत्य (दलीय) विधा में पीजी कॉलेज कोरबा की मुस्कान रानी कंवर एवं साथी विजेता रहे। थिरमन दास एवं साथी ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। लोकगीत (दलीय) में कन्हैया लाल एवं साथी पोड़ी-उपरोड़ा का दल विजेता रहा, जबकि थिरमन दास एवं साथी उपविजेता रहे। चित्रकला में विजेता अंकित कुमार कंवर, उप विजेता अलिशा तियू निर्मला स्कूल, कविता लेखन में ऋचा स्वर्णकार, उप विजेता आस्था गुप्ता रही। रील चैलेंज में ऋचा स्वर्णकार विजेता और उप विजेता तरूण श्रीवास रहे। पारंपरिक वेषभूषा में अर्चना लकड़ा, जय वेरूड़कर विजेता रहे।
नुक्कड़ नाटक में पाली की लवली सिदार टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रयास आवासीय विद्यालय, डिंगापुर कोरबा की आस्था एवं साथी उपविजेता रहे। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं को अपनी लोककला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विजेता प्रतिभागियों को उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।
चक्रवात ‘अकवान’ के मद्देनजर किसानों और धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों को अलर्ट रहने की अपील
किसानों से कटी हुई फसल और उपार्जन केंद्रों में रखे धान को तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखने की अपील
20 एवं 21 नवंबर को वर्षा और तेज हवा की संभावना
कोरबा, 19 नवंबर 2026/बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 एवं 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में रखे धान की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने और किसानों से अपनी कटी हुई फसल सुरक्षित रखने की अपील की है।
उपार्जन केंद्रों में धान को चबूतरों पर रखकर कैप कवर और तिरपाल से पूरी तरह ढंकने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में धान के उठाव में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी स्थिति में धान खराब न हो। केंद्रों के नोडल अधिकारी एवं समिति प्रबंधक इन व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने किसानों से खेत या खलिहान में रखी कटी हुई धान फसल को तिरपाल से ढंककर ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। उपार्जन केंद्र में धान ले जाते समय भी उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। मौसम को देखते हुए 20 एवं 21 नवंबर को धान की कटाई, मिंजाई और परिवहन की योजना सावधानीपूर्वक बनाएं। पशुधन को निचले इलाकों से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखें। फसल को नुकसान होने पर बीमित किसान 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना दें और क्षति की जानकारी तहसील कार्यालय को भी दें।
आपदा प्रबंधन एवं राहत संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी राहत शाखा के प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर श्री ओमकार यादव एवं डिप्टी कलेक्टर श्री तुलाराम भारद्वाज कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों तक मौसम की चेतावनी और सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा रही है। पंचायत सचिव एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भी किसानों को जरूरी सावधानियों से अवगत करा रहे हैं।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
भारी वर्षा और तेज हवा के दौरान घरों के भीतर रहें। पेड़ों, जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों और होर्डिंग के नीचे खड़े न हों। बिजली के खंभों, तारों तथा जलभराव वाले स्थानों में डूबे विद्युत उपकरणों से दूर रहें। उफनती नदी-नालों, रपटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें। जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार सुरक्षित भवन या राहत केंद्र में चले जाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और मौसम संबंधी जानकारी के लिए प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
जिला प्रशासन के अनुसार राहत केंद्रों के लिए सुरक्षित भवन चिन्हित किए गए हैं। एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं बचाव दल अलर्ट पर हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और एंटी-स्नेक वेनम का भंडार रखा गया है। हसदेव बांगो बांध और दर्री बैराज की लगातार निगरानी की जा रही है।
आपदा शाखा नियंत्रण कक्ष, जिला कोरबा – 7759228548 (24 घंटे)
एम्बुलेंस – 108 / 102
आपातकालीन सेवा – 112
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित
गुरुवार को कुल 5756 क्विंटल धान की हुई खरीदी
शुक्रवार को 32 समितियों में किसानों से 192.44 मेट्रिक धान उपार्जन हेतु 67 टोकन जारी
कोरबा 19 नवंबर 2026/जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केन्द्रो में माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी श्री जी एस कंवर ने बताया कि 19 नवम्बर को जिले में कुल 5756 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
20 नवम्बर शुक्रवार के लिए जिले के 32 समितियों में कुल 192.44 मेट्रिक टन धान उपार्जन हेतु 67 टोकन जारी हुए है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सहूलियत हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। धान विक्रय हेतु आए किसानो ने पारदर्शी एवं त्वरित धान प्रकिया के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए समर्थन मूल्य में धान की बिक्री होने पर खुशी जाहिर की है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक, शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
साथ ही राजस्व, खाद्य, मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम का गठन कर खरीदी केंद्रों में अवैध धान के आवक पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।









