वोटर आईडी में सुधार एवं पता परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
अम्बिकापुर 19 नवम्बर 2026/ निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET मोबाइल एप अथवा वोटर पोर्टल www.voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास ऑफलाइन आवेदन भी जमा किया जा सकता है।
इसी प्रकार मतदाता पहचान पत्र (EPIC) में नाम, जन्मतिथि, लिंग अथवा पते में त्रुटि सुधार, निवास स्थान परिवर्तन, कार्ड खोने या खराब होने पर नया कार्ड प्राप्त करने तथा मतदाता सूची में दिव्यांगजन (PwD) के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
रामतिल की उन्नत खेती से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, ग्राम लोसंगा में प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन
राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन के तहत 50 हेक्टेयर में हो रहा रामतिल का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन, लोसंगा में 45 एकड़ क्षेत्र में किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी
अम्बिकापुर 19 नवम्बर 2026/ किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा द्वारा विकासखंड लखनपुर के ग्राम लोसंगा में रामतिल फसल पर प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन के अंतर्गत सरगुजा जिले में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में रामतिल का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम लोसंगा में लगभग 45 एकड़ क्षेत्र में रामतिल की खेती का प्रदर्शन किया गया है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को रामतिल की खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा ने रामतिल के खाद्यान्न के रूप में उपयोग के साथ-साथ औद्योगिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को फसल की उन्नत किस्मों का चयन, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं खरपतवार नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाकर किसान तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।
इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. गुप्ता ने रामतिल फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान, उनके प्रभावी नियंत्रण तथा फसल की उचित देखरेख के संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर के रूप में मधुमक्खी पालन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रदर्शन प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया तथा खेत में लगी रामतिल की फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कराते हुए उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन एवं बेहतर उपज प्राप्त करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने भी रामतिल की खेती से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं साझा कीं, जिनका वैज्ञानिकों द्वारा समाधान बताया गया।प्रक्षेत्र दिवस का मुख्य उद्देश्य जिले में तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार, उन्नत उत्पादन तकनीकों को बढ़ावा देने तथा किसानों को लाभकारी खेती के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित ग्राम लोसंगा के कृषक उपस्थित रहे।
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
अम्बिकापुर 19 नवम्बर 2026/ जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग की गतिविधियों तथा किसानों और पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, पोषण एवं महिला-बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख विषय रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान करना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की तथा सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर आवश्यक जानकारी एवं सुझाव साझा किए।
बैठक में जिले के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।