
धमतरी जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-6, विलोपन के लिए प्रारूप-7 और संशोधन के लिए प्रारूप-8 में कर सकते हैं आवेदन
धमतरी, 20 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 शुरू हो गया है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं, वहीं नाम, पता सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन और अपात्र नामों के विलोपन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56 सिहावा, 57 कुरूद एवं 58 धमतरी के सभी मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों एवं अभिहित अधिकारियों द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र में पहुंचकर निर्धारित प्रारूप-6 में नाम जुड़वाने, प्रारूप-7 में नाम विलोपन तथा प्रारूप-8 में संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों को भी मिलेगी अग्रिम आवेदन की सुविधा
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की महत्वपूर्ण सुविधा के तहत ऐसे युवा, जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, वे भी निर्धारित अवधि में अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। ऐसे आवेदकों का नाम संबंधित अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इससे नए युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मतदाता सूची में शुद्धता के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार साप्ताहिक दावा-आपत्ति की जानकारी निर्धारित प्रारूप 9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है। नागरिक इसका अवलोकन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम जुड़वाने के साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कराएं। वहीं स्थानांतरित हो चुके अथवा मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार विलोपित कराने में भी सहयोग करें।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।









